आईएमएस गाज़ियाबाद में ‘सच’ कार्यक्रम का आयोजन डॉ. सुभाष चंद्रा ने छात्रों से साझा किए सफलता और जीवन के सूत्र

गाजियाबाद। आईएमएस गाज़ियाबाद यूनिवर्सिटी कोर्सेज कैंपस में देश के प्रसिद्ध उद्योगपति, मीडिया उद्यमी और समाजसेवी डॉ. सुभाष चंद्रा के साथ प्रेरणादायी संवाद कार्यक्रम ‘सच’ का आयोजन किया गया। इस विशेष सत्र का उद्देश्य छात्रों में आत्म-खोज, जुनून (पैशन) की पहचान, करियर निर्णय और जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण को विकसित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ डायरेक्टर डॉ. जसकिरन कौर और आईएमएस गाजियाबाद ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशंस के महासचिव डॉ. (सीए) राकेश छारिया की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर संस्थान के सभी विभागाध्यक्ष, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ मौजूद रहे।
डॉ. सुभाष चंद्रा ने अपने अनुभवों और जीवन के प्रसंगों के माध्यम से छात्रों को मार्गदर्शन दिया। उन्होंने बताया कि “पैशन वह है जो आपको बार-बार कुछ करने के लिए प्रेरित करे; जिसमें आनंद मिले, वही सच्चा पैशन है।” उन्होंने कहा कि टैलेंट जन्मजात हो सकता है, परंतु शिक्षा और अनुशासन के बिना उसे निखारना कठिन है। सफलता पाने के बाद विनम्र बने रहना भी उतना ही आवश्यक है।
सत्र के दौरान छात्रों ने जीवन, करियर और असफलताओं से जुड़े कई प्रश्न पूछे जिनका डॉ. चंद्रा ने धैर्यपूर्वक उत्तर दिया और अपने जीवन के अनुभवों से प्रेरक उदाहरण साझा किए।
डायरेक्टर डॉ. जसकिरन कौर ने कहा कि, “डॉ. सुभाष चंद्रा के विचार हमारे छात्रों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक हैं। ऐसे संवाद न केवल शैक्षिक विकास बल्कि आत्मविश्वास और नैतिकता के निर्माण में भी सहायक हैं।”
महासचिव डॉ. (सीए) राकेश छारिया ने अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान भविष्य में भी छात्रों को प्रेरक व्यक्तित्वों से जोड़ने और उन्हें वास्तविक जीवन के अनुभवों से अवगत कराने के ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।



