लापरवाही: विद्युत पोल में उतरा करंट दुधारू भैंस की मौत

पशुपालक किसान की दिवाली पर खुशियां हुईं फुर्र

बकेवर,इटावा। बकेवर थाना क्षेत्र के एक पशुपालक किसान की दिवाली की खुशियां उस समय फुर्र हो गईं जब बिजली विभाग की लापरवाही के कारण विद्युत पोल में करंट उतरने से से एक लाख रूपए कीमती एक दुधारू भैंस की मौके पर ही तड़पते हुए दर्दनाक मौत हो गई।

क्षेत्र के ग्राम मुडेना कला में सड़क पर जलभराव के बीच खड़े बिजली पोल में करंट उतर आया,जिसकी चपेट में आकर एक दुधारू भैंस की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से पशुपालक किसान के परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।

गांव निवासी पशुपालक किसान दीपू राठौर ने बताया की करीब एक लाख रूपए कीमत की भैंस रोज़ाना कई लीटर दूध देती थी,जो परिवार की आजीविका का बड़ा सहारा थी। बुधवार शाम भैंस जैसे ही पोल के समीप से गुजरी इसी बीच भैंस को करंट लग गया जिसके कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। देखते ही देखते परिवार में कोहराम मच गया और ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर इकट्ठा हो गई।

ग्रामीणों का कहना है कि कई दिनों से पोल में करंट उतरने की शिकायत विद्युत विभाग से की जा रही थी, लेकिन उनकी तरफ से कोई सुनवाई नहीं हुई। विभाग की इस लापरवाही का नतीजा एक पशुपालक किसान को उठाना पड़ा।

Related Articles

Back to top button