1 लाख का इनामी बदमाश जुबेर पुलिस मुठभेड़ में ढेर
शुक्रवार देर रात गंज थाना क्षेत्र के मंडी चौक पर हुई पुलिस मुठभेड़ में 1 लाख का इनामी गोकश बदमाश जुबेर उर्फ़ कालिया मारा गया।

मंडल मुरादाबाद प्रभारी अवनीत कुमार शर्मा
रामपुर यूपी। जानकारी के अनुसार चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। इस पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जुबेर गोली लगने से घायल हुआ, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस ने घायल जुबेर को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके से पुलिस ने एक पिस्तौल, एक तमंचा और मोटरसाइकिल बरामद की।
बताया जा रहा है कि मारा गया बदमाश जुबेर गोरखपुर में नीट छात्र दीपक की हत्या के मामले में वांछित था। उसके खिलाफ गोकशी, हत्या के प्रयास सहित करीब 17 गंभीर मुकदमे दर्ज थे।
मुठभेड़ में एक उपनिरीक्षक और एक कांस्टेबल भी घायल हुए हैं। घटना की सूचना पर मुरादाबाद रेंज के डीआईजी मणिराज मौके पर पहुंचे और हालात का जायज़ा लिया।
फरार बदमाश की तलाश में पुलिस ने इलाके में कॉम्बिंग ऑपरेशन शुरू कर दिया है।



