मऊ में अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, कई वारदातों का खुलासा

मऊ। कोतवाली नगर पुलिस ने अंतर्राज्यीय शातिर चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध असलहे, जिंदा कारतूस और चोरी के लाखों रुपये बरामद किए हैं। यह गिरोह पिछले कई दिनों से जिले में सक्रिय था और बैंकों से पैसा निकालने वालों को अपना शिकार बना रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार, बीते 3 सितंबर को एक व्यक्ति ने बैंक ऑफ बड़ौदा से 2,40,000 रुपये निकाले और रकम को अपनी मोटरसाइकिल की डिग्गी में रखकर एक दुकान पर चला गया।
तभी मौके का फायदा उठाकर गिरोह के सदस्यों ने डिग्गी तोड़ दी और पूरी नकदी लेकर फरार हो गए। यही नहीं, उसी दिन स्टेट बैंक से पैसे निकालकर जा रहे एक बुजुर्ग को भी शिकार बनाया गया। गिरोह के बदमाशों ने ब्लेड से बैग काटकर उसमें रखे 40,000 रुपये निकाल लिए।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि यह गिरोह महिलाओं को झांसा देकर उनसे भी लूटपाट करता था। गिरोह के सदस्य सड़क पर कुछ पैसे गिरा देते और महिला को लालच देते हुए कहते कि चलिए इस पैसे को आपस में बांट लेते हैं।
इसी बहाने महिला से उसका बैग खुलवाकर उसमें नकली चैन और अंगूठी डाल देते और असली पर्स जिसमें नकदी, सोने-चांदी के जेवर या अन्य सामान रहता, उसे निकालकर फरार हो जाते। हाल ही में एक महिला के साथ ऐसी ही वारदात को अंजाम दिया गया था जिसमें उसका छोटा पर्स, एक सोने की मोटी चैन और अन्य सामान चोरी हो गया।
एसपी मऊ द्वारा गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर पांचों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
इनके पास से दो अदद तमंचा, .32 बोर, एक अदद तमंचा .315 बोर, जिंदा कारतूस तथा चोरी के 2,75,000 रुपये नकद बरामद किए गए। गिरफ्तार अभियुक्त बिहार के विभिन्न जिलों के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह गिरोह लंबे समय से बिहार और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सक्रिय था। यह लोग बैंकों से पैसा निकालने वाले ग्राहकों को फॉलो करते और मौका मिलते ही उनके बैग या डिग्गी से नकदी पार कर देते। कई बार यह लोग हथियारों का इस्तेमाल कर भयभीत कर वारदात को अंजाम देते थे। फिलहाल गिरफ्तार सभी अभियुक्तों पर संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। – सुजीत कुमार मऊ



