CM योगी ने जनपद बागपत में स्वास्थ्य केन्द्र, बागपत का किया निरीक्षण

सीएम योगी ने मातृ नवजात देखभाल इकाई में उपलब्ध सेवाओं की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में
स्थापित हेल्थ ए.टी.एम. का अवलोकन किया।

स्टार एक्सप्रेस/संवाददाता

लखनऊ. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को जनपद बागपत भ्रमण के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, बागपत का निरीक्षण किया तथा मरीजों का कुशलक्षेम जाना। उन्होंने इमरजेंसी वॉर्ड का भी निरीक्षण किया तथा अस्पताल में सभी स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु रूप से संचालित रखने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में एम.एन.सी.यू. (मातृ नवजात देखभाल इकाई) का निरीक्षण कर उपलब्ध सेवाओं की जानकारी ली। गौरतलब है कि ऐसे नवजात बच्चे जिनका वजन ढाई किलोग्राम से कम होता है, एम.एन.सी.यू. में माँ के साथ रखकर इलाज किया जाता है। एम.एन.सी.यू. में बच्चों को माँ के साथ रखकर के.एम.सी. (कंगारू मदर केयर) विधि द्वारा वजन बढ़ाया जाता है, जिससे बच्चों के जीवन की रक्षा की जा सके और उनके स्वास्थ्य में सुधार लाया जा सके।

मुख्यमंत्री योगी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में स्थापित हेल्थ ए.टी.एम. का अवलोकन किया। डीएम राजकमल ने सीएम योगी को जानकारी देते हुए बताया कि हेल्थ ए.टी.एम. में व्यक्ति बायोमीट्रिक के माध्यम से बॉडी मास इण्डेक्स, ब्लड प्रेशर, मेटाबॉलिक एज, बॉडी फैट, हाइड्रेशन पल्स रेट, हाइट, मसल मास, शरीर का तापमान, शरीर में ऑक्सीजन की मात्रा, ग्लूकोज, हीमोग्लोबिन, लिपिड प्रोफाइल, गर्भावस्था, डेंगू, मलेरिया, टाइफाइड, एच.आई.वी., 12 लीड ई.सी.जी. सहित 52 प्रकार की जांच करा सकता है।

इस अवसर पर वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री के0पी0 मलिक, लोक निर्माण राज्यमंत्री बृजेश सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button