सुल्तानपुर- दादूपुर व हसनपुर में चलाया गया हर घर तिरंगा अभियान
स्टार एक्सप्रेस/ संवाददाता
सुलतानपुर. जनपद के दूबेपुर ब्लॉक के अंतर्गत दादूपुर व हसनपुर ग्राम पंचायत में गुरुवार को हर घर तिरंगा अभियान (Har Ghar Tiranga Campaign) के तहत घर-घर जाकर झंडा लगाया गया। प्रधान संघ अध्यक्ष दूबेपुर व दादूपुर प्रधान नागेंद्र सिंह ने कहा- ” तिरंगा हमारी आन है, बान है, शान है। इस आजादी के अमृत महोत्सव पर सभी लोग अपने घरों पर तिरंगा झंडा जरूर फहराएं। “
दूबेपुर की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत हसनपुर में भी हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा यात्रा ( Tiranga Yatra) निकाली गई। यह यात्रा शिव तिराहा से प्रारंभ होकर राजा का कोट होते हुए पंचायत भवन पर जाकर समाप्त हुई।
ग्राम प्रधान ओमप्रकाश यादव ने कहा- ” तिरंगा यात्रा के माध्यम से हर घर तिरंगा अभियान के तहत लोगों को हर घर तिरंगा फहराए जाने के लिए प्रेरित किया गया है। सभी के सहयोग से ही इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है। “
तिरंगा यात्रा से पहले लोगों को संबोधित करते हुए सचिव मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि हम सभी लोग भारत की स्वतंत्रता के 75वें वर्ष आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। यह हम सभी के लिए गर्व की बात है…। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर चलने वाले स्वतंत्रता सप्ताह के दौरान सभी लोग अपनी दुकानों, प्रतिष्ठानों एवं घरों में तिरंगा लगाएं। साथ ही साथ घरों पर तिरंगा लगाने के लिए आम जनमानस को प्रेरित भी करें।
सचिव मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि ग्राम सभा महाजितपुर, अफलेपुर, बहादुरपुर व ताजखानपुर में हर घर तिरंगा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अभियान चलाया गया।
इस दौरान सभी ग्राम प्रधान, पंचायत सहायक समेत ग्राम सभा के सम्मानित लोग मौजूद रहे।