होम्योपैथिक शिविर में 50 मरीजों को मिला लाभ
आयुष आपके द्वार' योजना के तहत स्वास्थ्य परीक्षण और दवाईयां मिली मुफ़्त

जसवंतनगर,इटावा। उत्तर प्रदेश राज्य आयुष सोसाइटी की ‘आयुष आपके द्वार’ योजना के अंतर्गत मंगलवार को ब्लॉक परिसर में निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय,हनुमन्त खेड़ा द्वारा आयोजित शिविर में 50 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श के साथ निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं।
शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके घर के नजदीक सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा आयुष चिकित्सा पद्धति के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना रहा। चिकित्सकों ने मरीजों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और लक्षणों के अनुसार उपचार एवं आवश्यक सलाह दी।
इस दौरान डॉ.सीपिका गुप्ता ने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और छोटी-बड़ी स्वास्थ्य समस्याओं में समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी। शिविर के सफल संचालन में फार्मासिस्ट अवधेश कुमार एवं नर्सिंग स्टाफ महेश बाबू का विशेष सहयोग रहा।



