नंदग्राम के राधाकुंज में श्राद्ध कार्यक्रम के दौरान हुई थी चोरी, बहादुरगढ़ से किन्नर के भेष में आरोपी आकाश उर्फ योगिनी गिरफ्तार

गाजियाबाद। नंदग्राम थाना क्षेत्र के राधाकुंज में भाजपा मंडल उपाध्यक्ष संदीप त्यागी के घर श्राद्ध कार्यक्रम के दौरान बेटी की शादी के लिए रखा सोना चोरी होने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान आकाश उर्फ योगिनी के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने बहादुरगढ़ से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर सिहानी चुंगी स्थित प्राचीन शिव मंदिर से चोरी हुआ सोना भी बरामद कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, संदीप त्यागी के घर श्राद्ध कार्यक्रम के दौरान सोना चोरी हो गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। एसीपी के हस्तक्षेप के बाद गिरफ्तारी के लिए उत्तम चौधरी की टीम को निर्देशित किया गया। टीम ने जांच के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी कथित तौर पर बार-बार अलग-अलग सुनारों के नाम बताकर पुलिस को गुमराह करता रहा। सख्ती से पूछताछ करने पर उसकी निशानदेही पर सिहानी चुंगी स्थित प्राचीन शिव मंदिर से सोना बरामद किया गया। आरोपी ने पुलिस पर भी पैसे लेकर छोड़ने के आरोप लगाए थे, लेकिन जांच के बाद वह अपने आरोपों से मुकर गया।

मामले के जांच अधिकारी त्रिवेंद्र सिंह ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद चोरी के मामले में अहम सफलता मिली है।

Related Articles

Back to top button