गाजियाबाद में दिन के समय ईवी चार्जिंग पर मिलेगी 20% टीओडी छूट, 564 सार्वजनिक स्टेशन होंगे लाभान्वित

गाजियाबाद। जिले में इलेक्ट्रिक वाहन चालकों के लिए राहत की खबर है। अब सार्वजनिक ईवी चार्जिंग स्टेशनों पर सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक वाहन चार्ज कराने पर 20 प्रतिशत टाइम ऑफ डे (टीओडी) छूट का लाभ मिलेगा। यह सुविधा जिले के 564 सार्वजनिक ईवी चार्जिंग स्टेशनों पर लागू होगी।
गाजियाबाद में करीब 80 हजार इलेक्ट्रिक वाहन पंजीकृत बताए जा रहे हैं। ऐसे में दिन के समय चार्जिंग पर मिलने वाली छूट का लाभ बड़ी संख्या में वाहन चालकों को मिलने की उम्मीद है। टीओडी छूट का उद्देश्य लोगों को दिन के समय इलेक्ट्रिक वाहन चार्ज करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
सौर बिजली की खपत बढ़ाने में मिलेगी मदद
दिन के समय तेज धूप के दौरान सौर ऊर्जा का उत्पादन बढ़ जाता है। ऐसे समय में अतिरिक्त बिजली के ग्रिड में जाने से वोल्टेज प्रबंधन की चुनौती पैदा हो सकती है। दिन में ईवी चार्जिंग को बढ़ावा मिलने से अतिरिक्त सौर बिजली की खपत बढ़ेगी और बिजली ग्रिड को संतुलित रखने में भी मदद मिलेगी।
निजी और घरेलू चार्जिंग पर नहीं मिलेगी छूट
20 प्रतिशत टीओडी छूट का लाभ केवल सार्वजनिक ईवी चार्जिंग स्टेशनों पर वाहन चार्ज कराने पर मिलेगा। घरेलू अथवा निजी चार्जिंग पर यह छूट लागू नहीं होगी।
ईवी चार्जिंग को दिन के समय बढ़ावा मिलने से जहां इलेक्ट्रिक वाहन चालकों को आर्थिक राहत मिलेगी, वहीं सौर ऊर्जा के बेहतर इस्तेमाल और बिजली ग्रिड के संतुलन में भी मदद मिलने की उम्मीद है।



