महाराष्ट्र में लू से मरे 11 लोग, दिल्ली-UP समेत इन राज्यों में प्रचंड गर्मी, जानें मौसम का हाल

अप्रैल अभी आधा ही बीता है मुंबई जैसे शहर में गर्मी ने चिंताएं बढ़ा दी हैं, मौसम विभाग का अनुमान है यूपी, दिल्ली, राजस्थान जैसे राज्यों में भी गर्मी तेजी से बढ़ने वाली है

स्टार एक्सप्रेस/ संवाददाता

दिल्ली : देश के कई हिस्सों में मौसम ने बड़ी तेजी से करवट ली है। मार्च में मिले-जुले मौसम के बाद अप्रैल की शुरुआत होते ही पारा सिर चढ़कर बोलने लगा है। महाराष्ट्र भूषण सम्मान कार्यक्रम के दौरानं मुंबई में रविवार को 11 लोगों की मौत हो गई। कहा जा रहा है कि ये मौतें लू के चलते हुई। एक तो भीषण गर्मी दूसरे भीड़ में बैठे होने के चलते लोगों की तबीयत बिगड़ गई।

अब भी कई लोग अस्पताल में इलाज के लिए एडमिट हैं। अप्रैल अभी आधा ही बीता है और इस तरह मुंबई जैसे शहर में गर्मी ने चिंताएं बढ़ा दी हैं। इस बीच मौसम विभाग का अनुमान है कि देश के अन्य राज्यों में भी गर्मी तेजी से बढ़ने वाली है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, बिहार, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में अगले कुछ दिनों में तापमान तेजी से बढ़ेगा।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिन भीषण गर्मी वाले हो सकते हैं। दिल्ली के अलावा यूपी, हरियाणा, पंजाब, बिहार, राजस्थान और एमपी समेत उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में भीषण गर्मी रहेगी और लू भी चलेगी। मध्य प्रदेश से लेकर पंजाब तक ज्यादातर इलाकों में तापमान 40 से 42 डिग्री तक बना रह सकता है। ज्यादातर इलाकों में अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा हो सकता है। यही नहीं बंगाल में भी लू का कहर पिछले 4 दिनों से चल रहा है। यहां तो मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट भी जारी कर रखा है।

दिल्ली में फिलहाल लू नहीं चल रही है, लेकिन तापमान सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस तक अधिक है। 20 अप्रैल तक तापमान 40 से 42 डिग्री तक रहेगा और उसके बाद हीटवेव के हालात भी बन सकते हैं। हालांकि इस बीच राहत की खबर यह है कि इस सप्ताह के अंत तक कुछ बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल में बीते 5 दिनों से लू के हालात हैं। इसके अलावा आंध्र प्रदेश में 3 और बिहार में दो दिनों से ऐसी ही स्थिति बनी हुई है। यूपी के भी कुछ इलाकों में तापमान में बड़ा इजाफा हुआ है।

महाराष्ट्र के 10 जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार

मौसम विभाग के मुताबिक महाराष्ट्र में भीषण गर्मी पड़ रही है अप्रैल में बीते कुछ दिनों से महाराष्ट्र के कम से कम 10 जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा दर्ज किया गया है। चंद्रपुर में सबसे ज्यादा 43.2 डिग्री सेल्सियस तक तापमान पहुंच गया। हालांकि दक्षिण मुंबई अन्य हिस्सों के मुकाबले कम गर्म रही है। यहां तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button