स्मृति ईरानी का प्रियंका गांधी पर हमला, कहा-घर पर लड़का है पर लड़ नहीं सकता

स्टार एक्सप्रेस डिजिटल  : कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी यूपी चुनाव 2022 में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाना चाहती है। इसके लिए उन्होंने इस बार 40 फीसदी महिलाओं को टिकट देने की बात कही है। इसके अलावा उन्होंने विधानसभा चुनाव के लिए लड़की हूं लड़ सकती हूं का भी नारा दिया है। प्रियंका गांधी यूपी में अलग-अलग विधानसभाओं में इसको लेकर संवाद कार्यक्रम कर रही हैं।लड़की हूं लड़ सकती हूं संवाद कार्यक्रम को लेकर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी को लेकर जवाबी हमला किया। जिसपर बुंदेलखंड में प्रियंका गांधी ने पलटवार कर उन्हें नसीहत दे डाली। दरअसल प्रियंका के संवाद कार्यक्रम पर स्मृति ईरानी ने बिना नाम लिए राहुल पर निशाना साधते हुए कहा था कि घर पर लड़का है पर लड़ नहीं सकता।

इसको लेकर प्रियंका ने स्मृति ईरानी को जवाब दिया कि खुद एक महिला होने के नाते उन्हें इस तरह के बयान नहीं देने चाहिए। बुधवार को उन्होंने जवाब देते हुए कहा कि इस तरह के बयान ना देकर उन्हें महिलाओं को प्रोत्साहित करना चाहिए। वहीं प्रियंका गांधी ने अपने संवाद कार्यक्रम में महिलाओं से 2022 में होने वाले यूपी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी को वोट करने की अपील की।

प्रियंका गांधी ने महिलाओं से राजनीति में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपनी शक्ति पहचानना होगा। समाज में हो रहे अत्याचारों के खिलाफ उन्हें खुद खड़ा होना होगा। प्रियंका गाधी ने बुधवार को बुंदेलखंड में कहा कि मैं यहां आपसे बात करने आई हूं क्योंकि आपको अपना मन बनाना है। आप आधी आबादी हैं, आवाज उठाएं, एक साथ आए और राजनीति में अपने अधिकारों की तलाश करें।

गुरुवार को प्रियंका गांधी ने अपने एक ट्वीट में लिखा, महंगाई जैसी समस्याओं का सबसे ज्यादा बोझ महिलाओं पर पड़ रहा है। इसलिए राजनीतिक भागीदारी के जरिए महिलाओं के लिए, महिलाओं के द्वारा नीतियों का बनना बहुत जरूरी है। टिकटों में 40% हिस्सेदारी इसकी शुरुआत है।”

प्रियंका गांधी ने कहा है कि विधानसभा चुनाव में उनका वादा 40 फ़ीसदी महिलाओं को टिकट देने का है लेकिन वो कोशिश करेंगी कि लोकसभा चुनाव में आधी आबादी को 50 फ़ीसदी टिकट मिले।

Related Articles

Back to top button