सर्द हवा से बढ़ा जाड़ा, पाला भी संभावित

स्टार एक्सप्रेस : पश्चिम की सर्द हवा के चलते मौसम का मिजाज शनिवार सुबह से अचानक बदल गया। वातावरण में गलन के साथ धुंध बढ़ गई। न्यूनतम तापमान आधी रात के समय सात से लुढ़क कर छह डिग्री पर जा पहुंचा। धुंध बढ़ने से ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात पर असर पड़ा। मौसम विशेषज्ञ का कहना है कि इस हफ्ते भर गलन बनी रह सकती है। इससे पाला पड़ने की भी संभावना है क्योंकि वातावरण में नमी की मात्रा लगातार कम हो रही है। यह मौसम गेहूं की बोई फसल के लिए मुफीद है। सब्जियों को भी फायदा होगा लेकिन पाला पड़ा तो आलू, मटर, गोभी आदि को खतरा हो सकता है।

जाड़ा-पाला के लिए चर्चित पूस माह शुरू होने के एक दिन पहले ही मौसम ने करवट ले ली। बच्चे, बड़े और बुजुर्ग-सभी इस बदलाव से असहज दिखे। शनिवार सुबह सात बजे अधिकतम तापमान 19 डिग्री व न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस था। सुबह दस बजे के बाद अधिकतम तापमान 24 डिग्री पहुंचा लेकिन 15 से 18 किमी प्रति घंटे की गति वाली ठंड पछुवा हवा के आगे धूप बीच-बीच में कमजोर पड़ जा रही थी। तीसरे पहर के बाद वातावरण में गलन हावी होती गई। सूरज डूबने के बाद हर जुबान पर ठंड में इजाफे की ही चर्चा थी। घर और बाहर, लोग गर्म कपड़ों में दिखे।

बीएचयू के मौसम विज्ञानी प्रो. मनोज श्रीवास्तव का कहना है कि इस गलन से हफ्ते भर राहत नहीं मिलेगी। आगे कोहरा भी पड़ सकता है। तब रात के तापमान में और गिरावट होगी। बीच-बीच में बदली छायी रहने के कारण धूप भी प्रभावी नहीं रहेगी।

 

Related Articles

Back to top button