यूपी चुनाव 2022: रक्षाबंधन के बाद भाजपा लखनऊ में करने जा रही ये बड़ा कार्यक्रम

स्टार एक्सप्रेस डिजिटल

लखनऊ-  प्रदेश भाजपा अब किसानों के बीच नजर आएगी। 22 से 25 अगस्त के बीच राजधानी लखनऊ के बीच भाजपा ने किसानों की बड़ी बैठक (किसान पंचायत) प्रस्तावित किया है। इससे पूर्व 16 से 23 अगस्त तक भाजपा किसान मोर्चा के नेता गन्ना बाहुल्य विधानसभा क्षेत्रों में किसानों से संवाद करेंगे। राजधानी लखनऊ में किसान पंचायत के बाद 05 से 10 सितंबर के बीच मेरठ में किसान सम्मेलन और इसी महीने सितंबर में किसान मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक चित्रकूट में होगी।

 

यह जानकारी भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कामेश्वर सिंह ने प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित किसान मोर्चा की नवनियुक्त कमेटी की बैठक में दी। उन्होंने कहा कि मोर्चा के नेता व कार्यकर्ता भाजपा सरकार द्वारा किसानों के हित में उठाए गए कदमों की जानकारी देते हुए किसानों को पार्टी से जोड़ने के अभियान में लगेंगे। विपक्ष के दुष्प्रचार का करारा जवाब देंगे।

 

 

इस बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा है कि भारत कृषि तथा कृषि प्रधान देश है। किसान देश का अन्नदाता है। कुछ विदेशी एजेंसियां तथा कुछ विरोधी दल देश के किसानों को गुमराह कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बदनाम करने का कुत्सित प्रयास कर रहे है। ऐसी परिस्थिति में किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं का दायित्व बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद से आज तक कभी भी चार सालों में एक लाख 40 हजार करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य भुगतान सिर्फ योगी सरकार में ही हुआ है।

 

 

 

मायावती व अखिलेश के कार्यकाल में 10 सालों में जितनी खाद्यान की खरीददारी किसानों से हुई थी उससे डेढ़ गुना अधिक करीब 66 हजार करोड़ रुपये खाद्यान की खरीद योगी सरकार में किसानों से की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में ही कृषक दुर्घटना बीमा, किसानों को निःशुल्क कृषि यंत्रों का वितरण, सिंचाई के लिए नहरों की सफाई व भरपूर पानी देना तथा 24 घंटे बिजली पहुंचाने का काम हुआ है।

 

 

 

प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने कहा कि कम समय में संयोजित तरीके से संगठन का विस्तार करना है। सितम्बर तक जिला कार्यसमिति, मंडल कार्यसमिति तथा सभी गांवों में किसानों की समितियां बना लेनी है। मोर्चा के कार्यकर्ता ग्राम स्तर पर सक्रिय होकर किसान सम्पर्क, किसान संवाद तथा किसान संबंध के माध्यम से प्रदेश के सभी किसानों को पार्टी से जोड़ने का काम करना है।

 

 

 

Related Articles

Back to top button