पीएम आज करेंगे सरयू नहर राष्ट्रीय परियोजना का लोकार्पण, जानिए और क्या है खास

स्टार एक्सप्रेस : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज 9802 हजार करोड़ की लागत से बनी सरयू नहर परियोजना की सौगात देंगे। इस बहुप्रतीक्षित राष्ट्रीय नहर परियोजना के तहत बनाई गई पांच नदियों को जोड़ने वाली सरयू नहर का परियोजना से नौ जिलों के 30 लाख किसानों को लाभ होगा। देश की सबसे बड़ी सरयू नहर राष्ट्रीय परियोजना के लिए योजना आयोग ने 1972 में सहमति दी थी।1978 में औपचारिक रूप से कार्य का प्रारम्भ किया गया। लेकिन इस पर 2017 तक मात्र 52 फीसदी कार्य हुआ।

सरयू नहर राष्ट्रीय परियोजना छह हजार 623 किलोमीटर लंबी है। इसमें घाघरा से सरयू व सरयू से राप्ती को जोड़ा गया है। इसके साथ ही राप्ती को बाणगंगा तथा बाण गंगा से रोहिन नदी जोड़ी गई है। नदियों को आपस में जोड़ने से बाढ़ जैसी विभीषिका से भी लोगों को बचाया जा सकेगा। इसके साथ ही सिंचाई के लिए नहर में पानी छोड़ा जा सकेगा।

आजाद भारत की सबसे बड़ी सिंचाई की सरयू नहर परियोजना का लोकार्पण आज प्रधानमंत्री मोदी बलरामपुर में करेंगे। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी बाजपाई की कर्मभूमि बलरामपुर से कोई बड़ा संदेश भी दे सकते हैं। हंसुआडोल सभा स्थल पर बने हेलीपैड पर प्रधानमंत्री मोदी का हेलीकॉप्टर अपरान्ह एक बजे लैंड करेगा।

हेलीपैड से लेकर सभा स्थल तक पक्की सड़क का निर्माण कराया गया है। इसी रास्ते पर बिछी रेड कारपेट से होते हुए पीएम मोदी उस स्थल पर पहुंचेंगे जहां पर सिंचाई परियोजना से सम्बन्धित मॉडल को लगाया गया है। पीएम मोदी सबसे पहले इस सरयू नहर परियोजना के मॉडल का अवलोकन करेंगे। यह मॉडल नोयडा में विशेषज्ञों के द्वारा तैयार किया गया है, जिसमें नौ जिलों में इस परियोजना को दर्शाया गया है। इसी मॉडल पर बटन दबाकर पीएम मोदी परियोजना का लोकार्पण करेंगे।

मॉडल में बनी नहरों में जैसे ही पानी का संचालन होगा ठीक उसी दौरान सभा स्थल से कम्प्यूटर के माध्यम से श्रावस्ती स्थित राप्ती बैराज को खोल दिया जाएगा। राप्ती बैराज के खुलते ही सरयू नहर में पानी पहुंच जाएगा। इसके बाद पीएम मोदी सभा स्थल पर पहुंचकर लोगों को संबोधित करेंगे। उनके साथ उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहेंगे।

पीएम मोदी के कार्यक्रम को लेकर कई दिनों से तैयारियां युद्ध स्तर पर की गई हैं। सभा स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। शुक्रवार को सूबे के जलशक्ति मंत्री डा. महेंद्र सिंह, पूर्व सांसद दद्दन मिश्र, आयुक्त देवी पाटन मंडल एसबीएस रंगाराव, डीएम श्रुति व एसपी हेमंत कुटियाल सहित कई अन्य लोगों ने सभा स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।

Related Articles

Back to top button