अलर्ट जारी: यूपी में बदलेगा मौसम मिलेगी राहत, मौसम विभाग ने की ये भविष्यवाणी

स्टार एक्सप्रेस डिजिटल: उत्तर प्रदेश समेत पूरे उत्तर भारत में गर्मी का कहर जारी है। गर्मी और उमस से बेहाल लोगों को बारिश की राहत मिलने की उम्मीद बंधी है। मौसम विभाग के अनुसार यूपी के कई जिलों में मंगलवार की शाम या रात से मौसम करवट बदल सकता है। वहीं, वेस्ट यूपी के लोगों को दो दिन बाद गर्मी को राहत नसीब हो सकती है।

 

राजधानी लखनऊ और आसपास के कई इलाकों में कई दिनों से सिर्फ छिटपुट बारिश ही हो रही है। इससे हवा में नमी अधिकतम पैमाने पर बनी हुई है जिससे उमस महसूस हो रही है। सोमवार को भी राजधानी के लोग उमस से बेहाल रहे। अधिकतम तापमान सामान्य से 3.9 डिग्री अधिक 39.0 दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक रहा। वहीं मंगलवार को बादलों की आवाजाही रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से अगले दो दिन तक रुक रुक कर बारिश का पूर्वानुमान है।

 

 

आगरा में शनिवार देर रात तेज बारिश के बाद गर्मी फिर बढ़ गई है। उमस का स्तर भी अधिकतम चल रहा है। तापमान लगातार सामान्य से अधिक रिकार्ड हो रहा है। दोपहर में लोगों का हाल खराब है। मौसम विभाग के मुताबिक अभी गुरुवार तक गर्मी और परेशान करेगी। इसी रात से राहत मिल सकती है। शुक्रवार तक ठीकठाक बारिश के बाद बादल छाए रहेंगे। आंशिक बारिश की संभावना है।

 

 

मेरठ में मानसून के पहुंचने के बावजूद 18 दिनों से भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को अभी 48 घंटे और सब्र रखना होगा। तब तक तापमान और उमस चरम पर होगी। इसके बाद बारिश सुकून देगी। आठ जुलाई को बारिश की शुरुआत होगी और नौ जुलाई को पूरे वेस्ट यूपी में व्यापक एवं अच्छी बारिश के आसार हैं। मानसून वेस्ट यूपी सहित बचे हुए उत्तर-पश्चिमी भारत को भी कवर कर लेगी।

 

 

उमस भरी गर्मी में बारिश का इंतजार दो दिन बाद खत्म हो सकता है। मौसम विज्ञान विभाग ने सात जुलाई के बाद मानसून के एक बार फिर से प्रभावी होने की संभावना जताई है। विभाग की वेबसाइट पर भी लगातार बारिश की संभावना साफ नजर आ रही है। स्थानीय स्तर पर कम दबाव का क्षेत्र बनते ही बारिश शुरू हो जाएगी। बारिश होते ही गर्मी से तप रहे लोगों को राहत मिलेगी। किसानों के लिए भी बारिश का बेसब्री से इंतजार है। सोमवार को अधिकतम तापमान 1.4 डिग्री बढ़कर 37.9 डिग्री रहा। यह सामान्य से दो डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान एक डिग्री बढ़कर 28.4 डिग्री रहा। यह सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा है।

 

 

Related Articles

Back to top button