फांसी लगाकर दो युवकों ने की आत्महत्या

भरथना में दो युवकों की आत्महत्या से क्षेत्र में सनसनी

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली क्षेत्र में दो अलग-अलग गांवों में दो युवकों द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने की घटनाओं से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों ही मामलों में पुलिस ने जांच पड़ताल कर दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है,और घटनाओं के कारण पता लगाने में जुट गई है।

पहली घटना क्षेत्र के ग्राम बेर में घटित हुई,जहां बीते दिन शुक्रवार दोपहर 20 वर्षीय विक्रम सिंह पुत्र राजकुमार का शव खेतों में बने ट्यूबवेल पर फंदे से लटका मिला। बताया गया कि युवक का घर से करीब 200 मीटर दूर ट्यूबवेल के बाहर दीवार पर लगे कुंदे में अंगौछे के सहारे शव लटका हुआ था। खेतों पर पहुंचे किसानों की नजर जब शव पर पड़ी तो गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और चीख-पुकार मच गई। मृतक कक्षा 11 का छात्र था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

वहीं दूसरी घटना क्षेत्र के ग्राम मुड़ेना समसपुर में घटित हुई है,जहां रात्रि को 27 वर्षीय विमल कुमार पुत्र करन सिंह ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों के अनुसार विमल शराब पीने का आदी था और घटना की रात भी शराब पीकर घर आया था। देर तक कमरे से कोई आहट न होने पर जब परिजन अंदर पहुंचे तो वह फंदे पर लटका मिला। यह देख परिवार में कोहराम मच गया।

मृतक विमल मजदूरी के साथ-साथ ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। वह अपने पीछे पत्नी संध्या,बेटी अनन्या और पुत्र अंश को छोड़ गया है। दोनों ही मामलों में आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button