ससुरालियों का हमला: युवक और उसकी मां को लाठी-डंडे से मारा, पुलिस कर रही है जांच

वांछित अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल

ऊँचाहार, रायबरेली। दबंग ससुरालीजनों ने युवक के घर जाकर उसकी मां व युवक पर हमला कर उन्हें मारपीट कर लहूलुहान कर दिया, पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

पूरे अयोध्या मजरे अरखा गाँव निवासी लालबहादुर का कहना है कि पत्नी से उसका विवाद हो गया।पत्नी की शिकायत पर मंगलवार को उसके ससुर एक दर्जन से अधिक लोगों को लेकर उसके घर पहुंचे और लाठी डंडे व चाकू से उसकी मां अनारकली पर हमला कर दिया और बीचबचाव करने पर उसे भी मारा पीटा ।पीड़ित ने बताया कि उसकी ससुराल क्षेत्र के सुन्दरनगरी मजरे मोखरा गाँव में है।

इस बाबत कोतवाल सजंय कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्यवाही की जायेगी।

—————————————–

अवैध कब्जे पर राजस्व विभाग की कार्रवाई

ऊँचाहार, रायबरेली। ग्राम प्रधान की शिकायत पर सरकारी जमीन पर किये गए अवैध कब्जे को पुलिस व राजस्व विभाग की टीम ने हटवाने की कार्यवाही की है ।वहीं इस कार्यवाही से अवैध कब्जेदारों में हड़कंप मच गया है।

जब्बारीपुर ग्राम पंचायत में गाटा संख्या 394 राजस्व अभिलेखों में बंजर दर्ज है।उक्त भूमि पर ग्राम पंचायत ने आंगनबाड़ी केंद्र बनाने का प्रस्ताव किया था, इसी दौरान गाँव के लल्लू प्रसाद ने छप्पर रखकर अवैध तरीके से कब्जा कर लिया था।जिसकी शिकायत ग्राम प्रधान अनिल कुमार यादव ने बीते दिनों तहसील समाधान दिवस में की थी, एसडीएम के निर्देश पर राजस्व निरीक्षक रत्नाकर शुक्ल की अगुवाई में पहुंची पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध कब्जा हटवाने की कार्यवाही की है।

इस बाबत एसडीएम राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि अवैध कब्जे को हटवाया गया ,अन्य गांवों में भी सरकारी जमीनों को चिन्हित कर उन्हें कब्जा मुक्त कराया जायेगा।

—————————————-

वांछित अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल

ऊँचाहार, रायबरेली। बीते दिनों ठेकेदार के घर हुई चोरी की घटना में शामिल एक अन्य वांछित अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है, पकड़े गये अभियुक्त के पास से पुलिस ने चांदी के आभूषण भी बरामद किए हैं।

बीते दिनों जुलाई महीने में कस्बे के अलीगंज मोहल्ला निवासी सहदेव ठाकुर के मकान में घुसकर चोरों ने लाइसेंसी रिवाल्वर व लाखों कीमत के जेवरात चोरी किये थे।घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने हाफ एनकाउंटर की कार्यवाही के बाद प्रतापगढ़ जिले के संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र में ससुराल में रह रहे आरोपी रोहित सरोज तथा महेशगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले मोनू सरोज को गिरफ्तार कर चोरी किये गए जेवरात व असलहा बरामद किया था।मंगलवार को उसी घटना में शामिल एक अन्य वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है।

इस बाबत कोतवाल सजंय कुमार ने बताया कि सरपतहा निवासी रावेन्द्र सरोज को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, जिसके पास से चांदी के जेवरात बरामद किया गया है।

—————————————-

ससुरालीजनों द्वारा प्रताड़ित पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर देकर लगाई न्याय की गुहार

ऊँचाहार, रायबरेली। दिव्यांग बेवा महिला को ससुरालीजनों द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा है, पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर देकर गुहार लगाई है।

बरसँवा मजरे कंदरांवा गाँव की रहने वाली शिवपति विकलांग महिला है।उसका कहना है कि कुछ महीने पहले उसके पति कल्लू की मृत्यु हो गई है।आरोप है कि ससुर, देवर आदि ससुरालीजनों द्वारा उसे घर में रहने नहीं दिया जा रहा है और मंगलवार को मायके से ससुराल पहुँची तो उसके कमरे में दूसरा ताला लगाकर उसे भगा दिया गया।

इस बाबत कोतवाल सजंय कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्यवाही की जायेगी।

Related Articles

Back to top button