मंगल कलश यात्रा से शिव महापुराण कथा शुरू

भरथना, इटावा। शक्तिपीठ श्री बालरूप हनुमान जी महाराज हनुमान गढी (छोला मन्दिर) पर मंगल कलश यात्रा के साथ श्री शिव महापुराण कथा का शुभारम्भ हो गया। विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का यह क्रम आगामी 27 नवम्बर तक अनवरत जारी रहेगा।

उक्त आशय की जानकारी मन्दिर प्रबन्धक राजू चौहान व राजेश चौहान ने संयुक्त रूप से देते हुए बताया कि गुरूवार को कस्बा के मुहल्ला होमगंज से ढोल नंगाडों,डमरू वादन व संगीतमयी ध्वनियों के बीच प्रारम्भ हुई मंगल कलश यात्रा के साथ मन्दिर प्रांगण में होने वाले श्री शिव महापुराण कथा का शुभारम्भ हो गया। कलश यात्रा में सैकडों महिलायें पीताम्बर धारण कर अपने सिर पर कलश रखकर कस्बा के प्रमुख मार्गों पर भ्रमण करते हुए छोला मन्दिर पहुँची। जहाँ विधिवत कथा पाण्डाल में कलशों की स्थापना करवायी गयी। जिसमें कथा का रसपान सरस कथावाचक आचार्य श्री सरल जी महाराज कानपुर द्वारा कराया जायेगा।

नौ दिवसीय धार्मिक अनुष्ठानों के क्रम में 21 नवम्बर को सांय हरिनाम कीर्तन (इस्कॉन), 23 नवम्बर को शिव विवाह उत्सव झाँकी दर्शन, 24 नवम्बर को श्री गणेश जी दरबार दर्शन, 26 नवम्बर को 2100 पार्थिव शिवलिंग पूजन उत्सव तथा 27 नवम्बर को रूद्राक्ष वितरण उत्सव संत पूजन के साथ विशाल भण्डारे का आयोजन किया जायेगा। कलश यात्रा के दौरान पालिकाध्यक्ष अजय कुमार यादव गुल्लू व भाजपा नेता श्रीभगवान पोरवाल सहित सैकडों महिला-पुरूष श्रद्धालुओं ने भी पूजन अर्चन कर सहभागिता की।

Related Articles

Back to top button