सो रहे बुजुर्ग पर पांच दबंगों ने किया हमला

तमंचा-चाकू से लैस हमलावरों ने सिर-शरीर पर किए वार

जसवंतनगर,इटावा। थाना क्षेत्र के ग्राम कैस्त में हाईवे की सर्विस लेन के किनारे सो रहे करीब 60 वर्षीय बुजुर्ग पर पांच लोगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावर लाठी-डंडे,तमंचा और चाकू लेकर पहुंचे थे और जान से मारने की नीयत से मारपीट की। हमले में बुजुर्ग के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ग्राम कैस्त निवासी गिरजाशंकर पुत्र सीताराम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गुरुवार रात करीब 12 बजे वह हाईवे की सर्विस लेन पर इंद्रपाल के मकान के बाहर रखे आलू के पैकेटों के पास सो रहे थे। तभी गांव के हर्षित पुत्र मनोज उर्फ पुल्ले,सुमित पुत्र कमलेश,भूरा पुत्र विद्याराम, शिवा उर्फ भोला और बच्चा पुत्र बबली वाथम वहां पहुंच गए। आरोप है कि सभी लोग लाठी-डंडे, तमंचा और चाकू से लैस थे। उन्होंने एकराय होकर उन पर हमला कर दिया।

बुजुर्ग के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देख आरोपी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। परिजन घायल को थाने ले गए,जहां पुलिस ने उनका चिकित्सकीय परीक्षण कराया। हालत सामान्य होने पर शुक्रवार को पीड़ित ने लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पीड़ित का आरोप है कि कुछ दिन पहले भी इन्हीं लोगों ने उसके पुत्र के साथ अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी। थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button