ईद 2027 पर बॉक्स ऑफिस पर आएगा महा-तूफान; हिंदी, तमिल और तेलुगु में आ रही सलमान की नई फिल्म

Salman Khan Monster: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान और साउथ लेडी सुपरस्टार नयनतारा की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मॉन्स्टर’ अपने एक्शन सीक्वेंस को लेकर सुर्खियों में आ गई है। निर्देशक वामशी पेडिपल्ली इस फिल्म को एक मजबूत पारिवारिक इमोशनल ड्रामा के साथ-साथ भव्य एक्शन स्पेक्टेकल के रूप में पेश करने की तैयारी में हैं। वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म में सलमान और नयनतारा के फाइट सीन्स को यूनिक और लार्जर-दैन-लाइफ बनाने के लिए निर्माताओं ने देश-विदेश के 6 दिग्गज एक्शन कोरियोग्राफर्स और स्टंट स्पेशलिस्ट्स की एक बेहद अनुभवी टीम को जोड़ा है।
इस इंटरनेशनल एक्शन क्रू में दक्षिण कोरिया के मशहूर एक्शन डायरेक्टर ओह से-योंग शामिल हैं, जो ‘वॉर’, ‘किल’, ‘धुरंधर: द रिवेंज’, हॉलीवुड ब्लॉकबस्टर ‘एवेंजर्स: एज ऑफ अल्ट्रॉन’ और ऑस्कर विजेता ‘पैरासाइट’ में अपने बेहतरीन काम के लिए जाने जाते हैं। इसके साथ ही दक्षिण अफ्रीका के क्रेग मैकरे, थाईलैंड के केचा खम्फकडी और बुल्गारिया के कालोयान वोडेनिचरोव जैसे दिग्गज स्टंट मास्टर्स भी इस टीम की कमान संभाल रहे हैं। वहीं भारतीय सिनेमा के एक्शन को नई पहचान देने वाले सुनील रोड्रिग्स (‘एनिमल’, ‘किंग’, ‘एक्सट्रैक्शन’) और अनल अरासु (‘महाराजा’, ‘जना नायकन’) भी एक्शन कोरियोग्राफी का अहम हिस्सा होंगे।
फिल्म ‘मॉन्स्टर’ के जरिए दर्शक पहली बार सलमान खान और नयनतारा की नई जोड़ी को बड़े पर्दे पर साथ देखेंगे। फिल्म में इन दोनों सितारों के अलावा दिग्गज अभिनेता जैकी श्रॉफ और अरविंद स्वामी भी दमदार भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं। निर्माताओं ने इस एक्शन थ्रिलर को बड़े पैमाने पर हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में पैन-इंडिया स्तर पर रिलीज करने की योजना बनाई है, जो ईद 2027 के मौके पर सिनेमाघरों में दस्तक देगी।



