लखीमपुर मिश्राना सनातन धर्म सरस्वती बालिका इंटर कॉलेज में हुआ शुभकामना (विदाई) समारोह

परवेज आलम संवाददाता
लखीमपुर खीरी, मिश्राना। सनातन धर्म सरस्वती बालिका इंटर कॉलेज, मिश्राना में मंगलवार को कक्षा 12 की छात्राओं के लिए शुभकामना (विदाई) समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ।
कक्षा 11 की छात्राओं ने कविता, भाषण, गीत एवं नृत्य प्रस्तुत कर सीनियर छात्राओं का उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें शुभकामनाएँ एवं उपहार प्रदान किए।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर की प्रतिष्ठित मनोचिकित्सक एवं परामर्शदात्री डॉ. अणिमा मेहता सक्सेना रहीं। उन्होंने छात्राओं को आत्मविश्वास, अनुशासन एवं निरंतर परिश्रम के साथ लक्ष्य प्राप्त करने का संदेश दिया। साथ ही मोबाइल व कंप्यूटर का सकारात्मक उपयोग पढ़ाई में करने की सलाह दी।
इस अवसर पर यशस्वी अवस्थी को ‘मिस फेयरवेल’, रिशिता श्रीवास्तव को ‘रनर-अप’ एवं स्तुति सक्सेना को ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर 2025’ का पुरस्कार प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न रोचक खेलों का भी आयोजन किया गया।इतिहास संकलन समिति के अध्यक्ष राजेश दीक्षित ने शिक्षा को जीवन निर्माण का आधार बताया।
आचार्या डॉ. अनुराधा दुबे ने परीक्षा में उत्तर पुस्तिका लेखन के महत्वपूर्ण सुझाव दिए। संकुल प्रमुख डॉ. योगेन्द्र प्रताप सिंह ने अच्छे मित्र चयन पर बल दिया।विद्यालय प्रबंधक चन्द्र भूषण साहनी ने छात्राओं को परीक्षा में पूर्ण प्रयास करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में नूतन गुप्ता, राजेश दीक्षित सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।अंत में प्रबंध समिति की अध्यक्ष रश्मि बाजपेई ने आभार व्यक्त किया। प्रधानाचार्य शिप्रा बाजपेई ने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।



