अस्पताल में मरीजों को बांटे फल-बिस्कुट
पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस हर्षौल्लास से मनाया

जसवंतनगर,इटावा।पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस जश्ने ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर वारसी फाउंडेशन की ओर से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसवंतनगर में सेवा कार्य किया गया। संस्था के पदाधिकारियों ने अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल और बिस्कुट वितरित किए तथा उनका हालचाल जानकर शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
वारसी फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष नदीम कादरी और मोहम्मद जानिब ने कहा कि पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब ने इंसानियत, प्रेम, भाईचारे और जरूरतमंदों की मदद करने की शिक्षा दी। इसी संदेश को आगे बढ़ाते हुए संस्था की ओर से मरीजों की सेवा की गई। उन्होंने कहा कि खुशी के अवसर को जरूरतमंदों के साथ साझा करने से समाज में आपसी प्रेम और सद्भाव की भावना मजबूत होती है।
फल और बिस्कुट पाकर मरीजों के चेहरे पर खुशी नजर आई। संस्था के सदस्यों ने मरीजों और तीमारदारों से बातचीत कर उनकी कुशलक्षेम पूछी और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर फराज वारसी, फईम चिश्ती और महबूब अशरफी मौजूद रहे। अस्पताल स्टाफ की ओर से फार्मासिस्ट भूपेंद्र यादव, स्टाफ नर्स शालिनी यादव, अल्पना और सुशीला ने सहयोग किया। अस्पताल स्टाफ ने संस्था के सेवा कार्य की सराहना की।
वारसी फाउंडेशन पदाधिकारियों ने कहा कि संस्था भविष्य में भी जनहित और समाजसेवा से जुड़े कार्य जारी रखेगी।



