वृद्धाश्रम में बच्चों और बुजुर्गों के बीच बना भावनात्मक जुड़ाव

गाजियाबाद। ग्लोबल हैप्पीनेस फाउंडेशन (जीएचएफ) की वरिष्ठ नागरिक सेवा पहल ‘प्रोजेक्ट कर्तव्य’ के तहत सिल्वर बेल्स स्कूल के सहयोग से 22 सितंबर को दुहाई स्थित वृद्धाश्रम में ‘ब्रिजिंग जनरेशन्स’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों के बीच भावनात्मक जुड़ाव बढ़ाना और बच्चों में बुजुर्गों के प्रति सम्मान एवं संवेदनशीलता विकसित करना रहा।
कार्यक्रम में सिल्वर बेल्स स्कूल के विद्यार्थियों ने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों के साथ समय बिताया और उनके जीवन के अनुभव सुने। बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों से संवाद किया। इस दौरान बच्चों और बुजुर्गों के बीच आत्मीयता के कई भावुक पल देखने को मिले।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एसीपी अमित सक्सेना पत्नी के साथ शामिल हुए। पुलिस विभाग के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी सहभागिता की। जीएचएफ के चेयरमैन डॉ. सुनील दत्त के नेतृत्व में अनिल अरोड़ा, कोमल अरोड़ा सहित स्वयंसेवकों ने आयोजन में सहयोग किया।
डॉ. सुनील दत्त ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनका सम्मान एवं देखभाल सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से पीढ़ियों के बीच संवाद, अपनत्व और संवेदनशीलता को बढ़ावा मिलता है।



