पारिवारिक विवाद में ससुर पर गाड़ी चढ़ाने का आरोप, आरोपी गिरफ्तार

गाजियाबाद। थाना नन्दग्राम पुलिस ने पारिवारिक विवाद के दौरान पत्नी के परिजनों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश करने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पहले पत्नी के साथ मारपीट की और बाद में मौके पर पहुंचे उसके परिजनों की गाड़ी में टक्कर मारते हुए ससुर के पैर पर वाहन चढ़ा दिया।

पुलिस के मुताबिक, 20 सितंबर 2026 को राजनगर एक्सटेंशन स्थित गुलमोहर गार्डन निवासी महिला ने नन्दग्राम थाने में शिकायत दी थी। महिला ने आरोप लगाया कि कपिल कौशिक और उसके पिता लक्ष्मण स्वरूप कौशिक ने उसके साथ गाली-गलौज की। इसके बाद कपिल ने उसके साथ मारपीट की और धमकी दी।

शिकायत के अनुसार, महिला के परिजनों के मौके पर पहुंचने पर आरोपी ने उन्हें जान से मारने की नीयत से कई बार गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। आरोप है कि उसने एक वाहन में टक्कर मारी और ससुर के पैर पर गाड़ी चढ़ा दी। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की। 22 सितंबर को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर करीब 38 वर्षीय कपिल कौशिक को राजनगर एक्सटेंशन स्थित आशियाना चौक के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका पत्नी के साथ घरेलू विवाद चल रहा था। विवाद के बाद पत्नी ने अपने परिजनों को बुला लिया। आरोपी के अनुसार, जब पत्नी अपने परिवार के साथ थाने जा रही थी, तब उसने उसकी गाड़ी में टक्कर मारी और ससुर के पैर पर वाहन चढ़ गया।

Related Articles

Back to top button