तीन साल से जर्जर स्कूल का रास्ता, पानी में निकलकर छात्राओं ने लगाई गुहार

गाजियाबाद। भोपुरा गांव में वार्ड-29 और वार्ड-20 के बीच स्थित सरकारी स्कूल तक जाने वाला रास्ता करीब तीन वर्षों से जर्जर हालत में है। बारिश के दौरान रास्ते में जलभराव और कीचड़ होने से स्कूल आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। छात्राओं ने पानी से होकर निकलते हुए अधिकारियों से रास्ते का निर्माण कराने की मांग की।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रास्ते के निर्माण को लेकर कई बार जिलाधिकारी कार्यालय में शिकायत की जा चुकी है। अधिकारियों की ओर से निर्माण का आश्वासन भी दिया गया है। नगर निगम के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण भी किया, लेकिन इसके बावजूद अब तक रास्ते का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
स्थानीय निवासी धर्मेंद्र गौतम ने बताया कि जर्जर रास्ते के कारण बच्चों, खासकर छात्राओं को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने शासन-प्रशासन से स्कूल तक जाने वाले रास्ते का जल्द निर्माण कराने की मांग की है, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।



