मतदाता सूची में नाम जांचें, छूटे नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरें: डीएम

गाजियाबाद। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने जनपद के नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम जांचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र नागरिक, जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है अथवा किसी कारणवश कट गया है, वे फॉर्म-6 भरकर नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन करें।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम, आयु, पता अथवा अन्य विवरण में त्रुटि होने पर फॉर्म-8 के माध्यम से संशोधन कराया जा सकता है। वहीं, अपात्र अथवा मृत व्यक्ति का नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 भरकर आवेदन किया जा सकता है। नागरिक इन कार्यों के लिए अपने संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क कर सकते हैं।
इसके अलावा भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in अथवा ECINET मोबाइल ऐप के माध्यम से भी मतदाता सूची में नाम जांचने और आवेदन करने की सुविधा उपलब्ध है।
डीएम ने बताया कि आवेदन के लिए आयु एवं निवास संबंधी निर्धारित प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने होंगे। आधार कार्ड देना स्वैच्छिक है, आधार उपलब्ध न होने पर आवेदन निरस्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं और परिवार के पात्र सदस्यों का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में सहयोग करें।


