पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा, लंबित मामलों के निस्तारण के लिए समयसीमा तय

गाजियाबाद। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति एवं क्रियान्वयन की समीक्षा को लेकर मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में दुर्गावती मीटिंग हॉल में बैठक आयोजित की गई। बैठक में बैंक अधिकारियों, विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता एवं अधिशासी अभियंता, नेट मीटरिंग फर्मों और योजना के वेंडरों ने भाग लिया। बैठक में योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
बैठक में लीड बैंक मैनेजर एवं परियोजना अधिकारी यूपी नेडा ने योजना की प्रगति से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की। समीक्षा के दौरान पंजाब नेशनल बैंक, इंडियन बैंक और यूनियन बैंक के प्रतिनिधियों की अनुपस्थिति पर सीडीओ ने नाराजगी जताई और संबंधित क्षेत्रीय प्रबंधकों को पत्र जारी कर आगामी बैठकों में अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने बैंकों को ऋण वितरण के लिए लंबित पत्रावलियों का निस्तारण तीन दिन तथा ऋण स्वीकृति के लिए लंबित पत्रावलियों का निस्तारण एक सप्ताह के भीतर करने को कहा। ऋण स्वीकृत होने के बाद लाभार्थियों को तत्काल धनराशि उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए, जिससे सोलर संयंत्र लगाने के कार्य में तेजी आए।
विद्युत विभाग के स्तर पर लंबित निरीक्षण एवं नेट मीटरिंग के मामलों को इसी माह निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। वहीं, वेंडरों को सोलर संयंत्र स्थापना से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज पोर्टल पर इसी सप्ताह अपलोड करने को कहा गया। वेंडरों की बैठक में कम उपस्थिति पर भी सीडीओ ने असंतोष जताया।
अंत में सीडीओ ने सभी संबंधित विभागों, बैंकों एवं वेंडरों को आपसी समन्वय से लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण कर प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।



