एसएसपी आवास के गेट में छिपा बैठा था बड़ा सांप

इटावा। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा के मैन गेट के पास ही किनारे से टूटी एक शीट में एक 5 फीट लंबा घोड़ा पछाड़ सांप कहीं से आकर छिपकर बैठ गया था जिसे ड्यूटी पर तैनात संतरी सुमित कुमार एवम टेलीफोन ड्यूटी पर तैनात आरक्षी अमित कुमार ने तुरन्त ही देख लिया और वन्यजीव विशेषज्ञ सर्प मित्र डॉ आशीष त्रिपाठी को गेट पर सांप के दिखाई देने की सूचना दी।
डॉ आशीष ने मौके पर जाकर उस 5 फीट लम्बे सांप को कड़ी मशक्कत के साथ पकड़ लिया । डॉ आशीष ने बताया कि, आवास के अंदर से कल भी एक छोटा चेकर्ड सांप पकड़ा गया था और आज गेट पर यह दूसरे सांप का रेस्क्यू किया गया है। आवास में एरिया बड़ा और हरियाली होने के कारण ही कभी कभी सांप दिखाई दे जाते है। रेस्क्यू के बाद सांप को वन विभाग के दिशा निर्देशन में उसके प्राकृतिक वास में छोड़ दिया गया।
मौके पर उपस्थित सभी पुलिस कर्मियों को जानकारी देते हुए डॉ आशीष त्रिपाठी ने बयाया कि, यह एक 5 फीट लम्बा घोड़ा पछाड़ सांप था जिसका जन्तु वैज्ञानिक नाम प्त्यास म्यूकोसा है इसमें किसी प्रकार का कोई विष ही नही पाया जाता है । उन्होंने अपील की कि कभी भी किसी भी जहरीले सर्प (कोबरा या करैत) के काटने के बाद बिलकुल भी घबराना नही है बस हल्का सा बंध लगाकर जल्द ही जिला अस्पताल (मोतीझील) के इमरजेंसी वार्ड कमरा नम्बर 3 में जाकर एंटीवेनम ही लगवाना चाहिए । कभी भी किसी झाड़ फूंक या अंधविश्वास में रोगी का कीमती समय बिल्कुल भी समय बर्बाद नहीं करना चाहिए।



