पांच दशक पुरानी निकली शंकर बारात

प्रभू श्री रामलीला महोत्सव का भव्यता से हुआ शुभारंभ

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर क्षेत्र के गांव नगला तौर में पांच दशक पूर्व शुरू हुई मंचीय रामलीला का रविवार को शंकर बारात के साथ शुभारंभ हुआ। ठाकुरजी मंदिर परिसर से ढोल-नगाड़ों के बीच भगवान के विभिन्न स्वरूपों की बारात निकाली गई। नन्हे-मुन्ने बाल कलाकारों को आकर्षक रूप से सजाकर भगवान के स्वरूप प्रदान किए गए।

ग्राम प्रधान के पति उपनिरीक्षक राघवेंद्र सिंह ने भगवान के स्वरूप बने बाल कलाकारों का तिलक-वंदन किया और उन्हें मिष्ठान खिलाकर शंकर बारात का शुभारंभ कराया। बारात में राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान के स्वरूप भी शामिल रहे। ढोल-नगाड़ों की धुन पर निकली बारात गांव की गलियों से गुजरी तो जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर भगवान के स्वरूपों का स्वागत किया। महिलाओं ने आरती उतारकर श्रद्धा प्रकट की।

रामलीला में पूर्व में अभिनय कर चुके डॉ. महावीर सिंह कुशवाह ने भगवान के स्वरूप बने कलाकारों को रथ से उतारकर गंगाजल से उनके पैर पखारे। इसके बाद फल और मिष्ठान खिलाकर उनका स्वागत किया। शंकर बारात ने दोबारा गांव की प्रमुख गलियों में भ्रमण किया और गमा देवी मंदिर पहुंचकर इसका समापन हुआ।

आयोजक प्रेम किशोर पाठक ने बताया कि मंचीय रामलीला का प्रथम मंचन 10 अक्तूबर से हवन-पूजन के साथ शुरू होगा। रामलीला का मंचन 20 अक्तूबर तक किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से परिवार सहित रामलीला देखने पहुंचने और आयोजन की शोभा बढ़ाने की अपील की।

इस दौरान ब्राह्मण महासभा के ब्लॉक अध्यक्ष अपनी पूरी टीम के साथ मौजूद रहे और व्यवस्थाएं संभालीं। शंकर बारात में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, पुरुष, युवा और बच्चे शामिल हुए।

Related Articles

Back to top button