धीमी गति से चला पहले दिन अतिक्रमण अभियान
अतिक्रमणकारियों के काटे गए चालान,3 हजार 800 बसूला जुर्माना

भरथना,इटावा। भरथना नगर में दिनोंदिन विकराल रूप धारण कर रही जाम की समस्या से निजात दिलाने व यातायात व्यवस्था सुदृंढ करने के उद्देश्य से अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरूआत घोषित तिथि के दो दिन बाद शुरू होते ही सडक किनारे फुटपाथ पर सामान रखकर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों व फड लगाकर बिक्री करने वाले दुकानदारों में बुरी तरह हडकम्प मच गया। पूर्व में मुनादी होने के बाबजूद भी सजग न होने वाले दुकानदार आनन-फानन में सडक पर फैला अपना-अपना कारोबार समेटते देखे गये।
शासन की मंशा के अनुरूप उपजिलाधिकारी काव्या सी व अधिशाषी अधिकारी सन्तोष कुमार मिश्रा के निर्देशानुसार पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत नगर पालिका प्रशासन व पुलिस प्रशासन द्वारा चलाये गये अतिक्रमण हटाओ अभियान सरोजनी रोड से बालूगंज व सब्जी मण्डी तक चला। नगर में दिनोंदिन विकराल रूप धारण कर रही जाम की समस्या व यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से अतिक्रमण हटाओ अभियान की मुनादी होने के बाबजूद भी दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों का सामान फुटपाथ पर लगाये रहे और फड भी सजे रहे। किन्तु शुक्रवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरूआत होते ही सडक व फुटपाथ पर अवैध अतिक्रमण करने वालों में हडकम्प मच गया तथा आनन-फानन में अपनी-अपनी दुकानों का सामान समेटते देखे गये।
इस दौरान नगर पालिका प्रशासन द्वारा 13 व्यापारियों के विरूद्ध कार्यवाही कर 3 हजार 800 रूपये का जुर्माना किया गया तथा फुटपाथ का चिन्हींकरण भी किया गया। पालिका प्रशासन द्वारा अवगत कराया गया कि उक्त अतिक्रमण हटाओ अभियान निरन्तर जारी रहेगा। अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान व्यापार मण्डल के पदाधिकारियों की पालिका कर्मियों से नोंकझोंक भी हुई। अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान पालिका कर्मी आदित्य प्रताप सिंह भदौरिया, आनन्द प्रकाश श्रीवास्तव, शिवम गुप्ता,पंकज दुबे, अशोक यादव,सौरभ यादव,पवन पोरवाल, दीपक कुमार आदि पालिका कर्मचारियों के अलावा पुलिस बल का विशेष सहयोग रहा।



