जलभराव से ग्रामीण परेशान: जल्द होगा समाधान

जसवंतनगर,इटावा। नगला इन्छा गांव में भट्ठा की ओर से गांव में प्रवेश करने वाले मुख्य आरसीसी मार्ग पर जलभराव ग्रामीणों के लिए मुसीबत बना हुआ है। सड़क पर पानी और कीचड़ भरा होने से लोगों को घरों से निकलने में भी परेशानी हो रही है। बारिश के बाद समस्या और गंभीर हो जाती है।

ग्रामीणों शिवम,आलोक, राजेंद्र,बबलू,रवि और मोहन आदि ने बताया कि रोजमर्रा के काम के साथ खेती-बाड़ी के लिए भी इसी रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है। जलभराव के बीच से निकलने में कपड़े और जूते खराब हो जाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब बड़ों को रास्ता पार करने में परेशानी हो रही है तो स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता होगा।

ग्रामीणों के मुताबिक, जलभराव की समस्या को लेकर कई बार एसडीएम और ग्राम प्रधान को लिखित शिकायत दी जा चुकी है,लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। उनका आरोप है कि शिकायतों के बावजूद किसी सक्षम अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा नहीं लिया।

ग्रामीणों ने बताया कि समस्या सिर्फ एक सड़क तक सीमित नहीं है, बल्कि गांव में कई स्थानों पर जलभराव और खराब रास्तों की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर जलनिकासी की व्यवस्था कराने और सड़क की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

एडीओ पंचायत देवेंद्र सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जल्द ही समस्या का निस्तारण करा दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button