ब्रह्माणी लख्खी मेला का डीएम ने किया निरीक्षण
मेला में सीसीटीवी की निगरानी,बैरिकेडिंग और स्वास्थ्य टीम तैनात

जसवंतनगर,इटावा। यमुना नदी की तलहटी में स्थित प्राचीन ब्रह्माणी देवी मंदिर परिसर में आयोजित लख्खी मेले को सकुशल सम्पन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। मंगलवार को जिलाधिकारी शुभ्रांत शुक्ल ने एसडीएम अभिषेक प्रताप सिंह, नायब तहसीलदार आकांक्षा मिश्रा तथा पीएसी एवं पुलिस बल के साथ मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं की बारीकी से जायजा लिया इस दौरान उन्होंने मंदिर के पुजारियों और प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर श्रद्धालुओं की सुविधाओं और बेहतर समन्वय को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसडीएम अभिषेक प्रताप सिंह ने बताया कि दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए मंदिर परिसर में सुव्यवस्थित कतार व्यवस्था बनाई गई है। पुलिस के ड्यूटी प्वाइंट चिन्हित कर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। वहीं, सीएचसी अधीक्षक डॉ. वीरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम को मेला परिसर में तैनात किया गया है। इसके अलावा राजस्व विभाग के लेखपालों की भी ड्यूटी लगाई गई है। मेला क्षेत्र में साफ-सफाई, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित कराई गई हैं।
अधिकारियों ने बताया कि मेले के प्रमुख प्रवेश और निकास मार्गों सहित संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से पूरे मेले पर लगातार नजर रखी जाएगी। पार्किंग, बैरिकेडिंग और भीड़ नियंत्रण के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सुरक्षा और व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने श्रद्धालुओं से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें तथा संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में मां ब्रह्माणी देवी के दर्शन कर सकें।



