जनसुनवाई में डीएम ने सुनीं लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

भूमि कब्जे, राजस्व विवाद और पेंशन समेत विभिन्न मामलों की शिकायतें पहुंचीं; दिव्यांग महिला का अंत्योदय व आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश

गाजियाबाद। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय में जनसुनवाई कर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। बड़ी संख्या में नागरिकों ने भूमि एवं संपत्ति से जुड़े विवाद, अवैध कब्जे, राजस्व संबंधी मामलों, भूमि धोखाधड़ी और अतिक्रमण की शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। इसके अलावा पेंशन, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए भी लोगों ने प्रार्थना पत्र दिए।

जिलाधिकारी ने सभी शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण का नियमानुसार परीक्षण कर निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से पात्र लोगों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाने को भी कहा।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि विभिन्न सरकारी योजनाओं के संबंध में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि यदि कोई पात्र व्यक्ति किसी एक योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन करता है तो संबंधित अधिकारी उसकी पात्रता की जांच कर यह भी देखें कि वह अन्य योजनाओं के लिए पात्र है या नहीं। पात्रता होने पर उसे अन्य योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ दिलाया जाए।

जनसुनवाई के दौरान कालका गढ़ी निवासी दिव्यांग महिला विमला चौहान पत्नी सुशील कुमार ने अपने और परिवार के भरण-पोषण तथा आवास से संबंधित समस्या जिलाधिकारी के सामने रखी। जिलाधिकारी ने महिला से दिव्यांग पेंशन के संबंध में जानकारी ली, जिस पर महिला ने बताया कि उसे दिव्यांग पेंशन मिल रही है। इसके बाद जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को विमला चौहान का अंत्योदय कार्ड और आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश दिए। साथ ही उनकी पात्रता के अनुसार आवास की व्यवस्था कराने को भी कहा।

Related Articles

Back to top button