विवादित प्लॉट पर कब्जे को लेकर पथराव और फायरिंग, तीन आरोपी गिरफ्तार

लाइसेंसी रिवाल्वर, नौ खोखे और दो जिंदा कारतूस बरामद; गोली चलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

गाजियाबाद। लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में विवादित प्लॉट पर कब्जे को लेकर हुए विवाद में पथराव और फायरिंग के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल लाइसेंसी रिवाल्वर, नौ खोखे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। मामले में पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई हैं। दूसरे पक्ष पर गोली चलाने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।

एसीपी अंकुर विहार अमरदीप मौर्य के अनुसार, 21 सितंबर को नेपाल सिंह ने लोनी बॉर्डर थाने में शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि प्लॉट पर कब्जे को लेकर ऋषिपाल, उसके बेटे विक्रान्त, गजेन्द्र और एक अज्ञात व्यक्ति ने गाली-गलौज के बाद पथराव किया।

शिकायत के मुताबिक, विवाद के दौरान ऋषिपाल और विक्रान्त ने लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली चला दी। गोली लगने से संदीप पुत्र कृष्णपाल घायल हो गया। आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।

मामले की सूचना मिलने के बाद लोनी बॉर्डर पुलिस ने संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से रिवाल्वर, नौ खोखे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Back to top button