श्रमिक योजना-पंजीयन नवीनीकरण पर दिया जोर

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर ब्लॉक के प्रेरणा सभागार में उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की ओर से श्रमिक कल्याण योजनाओं के संबंध में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में निर्माण श्रमिकों एवं लाभार्थियों ने भाग लेकर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
श्रम विभाग के प्रधान सहायक देवेंद्र राणा एवं लिपिक फैसल हसन ने श्रमिकों को विभाग द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बोर्ड में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को कन्या विवाह सहायता योजना, मातृत्व,शिशु एवं बालिका मदद योजना,संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन योजना, निर्माण कामगार मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता योजना तथा अटल आवासीय विद्यालय योजना समेत कई योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाता है।
अधिकारियों ने कहा कि योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए श्रमिकों का श्रम विभाग में पंजीकृत होना अनिवार्य है। पंजीकरण कम से कम एक वर्ष पुराना होना चाहिए। साथ ही बैंक खाते में आधार लिंक होना,राशन कार्ड अथवा फैमिली आईडी में नाम दर्ज होना, पंजीयन का समय पर नवीनीकरण कराना तथा एक वर्ष में कम से कम 90 दिन निर्माण कार्य करने का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना भी जरूरी है।
शिविर में श्रमिकों को आवेदन प्रक्रिया,आवश्यक दस्तावेजों एवं पात्रता संबंधी शर्तों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने श्रमिकों से समय रहते पंजीकरण एवं नवीनीकरण कराकर सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जन सेवा श्रमिक स्वाभिमान समिति के अध्यक्ष मुन्नालाल माहौर एवं सचिव सुरेंद्र बाबू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजकों ने अधिक से अधिक श्रमिकों को पंजीकरण कराकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।



