नीट पेपर लीक पर राष्ट्रीय विद्यार्थी चेतना परिषद ने सरकार को घेरा

स्टार एक्सप्रेस संवाददाता
लखनऊ. देशभर में आयोजित की जा रही राष्ट्रीय प्रवेश परीक्षाओं, विशेषकर नीटयूजी परीक्षा में सामने आ रही लगातार अनियमितताओं, तकनीकी विफलताओं, पेपर लीक की आशंकाओं, परीक्षा केंद्रों की अव्यवस्था तथा छात्रों के भविष्य के साथ किए जा रहे खिलवाड़ पर गहरी चिंता और तीव्र आक्रोश व्यक्त करते हुए सरकार को घेरा है।
परिषद के राष्ट्रीय संयोजक डॉ. उदयभान सिंह ने कहा कि आज देश का छात्र अपने भविष्य को लेकर असुरक्षित महसूस कर रहा है। केंद्र सरकार और एनटीए बार-बार छात्रों से धैर्य रखने की अपील तो करते हैं, लेकिन हर वर्ष नई अव्यवस्था सामने आ जाती है। यदि सरकार करोड़ों युवाओं की मेहनत और विश्वास की रक्षा नहीं कर सकती, तो उसे नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए। छात्रों का भविष्य किसी एजेंसी की प्रयोगशाला नहीं है।
राष्ट्रीय विद्यार्थी चेतना परिषद ने कहा कि नीट एवं अन्य राष्ट्रीय परीक्षाओं में हुई सभी कथित अनियमितताओं की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच कराई जाए और एनटीए के अधिकारियों की व्यक्तिगत जवाबदेही तय की जाए। परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी एवं तकनीकी रूप से सुरक्षित बनाया जाए। साथ ही पेपर लीक, दलाल नेटवर्क और परीक्षा माफिया से जुड़े लोगों पर कठोर आपराधिक कार्रवाई हो। परिषद का कहना है कि छात्रों के हितों की रक्षा हेतु संसद में विशेष चर्चा कर राष्ट्रीय परीक्षा सुधार नीति लाई जाए।



