वॉकथॉन यात्रा में छात्रों ने लिया भाग, नशा मुक्ति अभियान के तहत पैदल यात्रा में 200 छात्र हुए शामिल

भरथना,इटावा। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और उन्हें नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के उद्देश्य से रविवार को भरथना ब्लॉक में ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय,भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा युवा भारत इटावा के सहयोग से किया गया। इस दौरान आयोजित वॉकथॉन (पैदल पदयात्रा) में 200 से अधिक छात्र-छात्राओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नशा मुक्ति का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत युवाओं को नशे से होने वाले सामाजिक और व्यक्तिगत नुकसान के बारे में जागरूक किया गया। इसके साथ ही युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, शिक्षा एवं खेलों से जुड़ने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया गया। वॉकथॉन के दौरान छात्र-छात्राओं ने करीब दो किलोमीटर तक पैदल यात्रा कर लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया। पदयात्रा में शामिल युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खंड विकास अधिकारी विजय शंकर प्रसाद तथा थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह मौजूद रहे। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि देश का भविष्य युवाओं पर निर्भर है और युवा यदि नशे जैसी बुराइयों से दूर रहेंगे तो समाज और राष्ट्र को नई दिशा मिलेगी। कार्यक्रम में मेरा भारत इटावा, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की उपनिदेशक सोनिका चन्द्रा ने भी सहभागिता की और अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। साथ ही थाना प्रभारी निरीक्षक ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, साथ ही मुख्य अतिथियों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम का संचालन एसएवी इंटर कॉलेज के पीटीआई जगदीश चन्द्र गौतम ने किया। कार्यक्रम के आयोजन में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक भरथना आशीष कुमार एवं शिवेंद्र सिंह चौहान का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर पवन कुमार, नितिन कुशवाह समेत कई गणमान्य नागरिक और अन्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान मेरा भारत अभियान से अधिक से अधिक ग्रामीण बच्चों और युवाओं को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली दो ग्राम पंचायत सहायिकाओं छवि एवं अंजलि को सम्मानित किया गया। आयोजकों की ओर से उनके प्रयासों की सराहना करते हुए कहा गया कि ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को ऐसे जागरूकता अभियानों से जोड़ना समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
आयोजकों ने बताया कि अभियान के अंतर्गत युवाओं के लिए नशा मुक्त युवा विषय पर भाषण प्रतियोगिता, वॉकथॉन एवं अन्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखते हुए उन्हें सामाजिक एवं राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ना है। कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले युवाओं को सहभागिता प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाने की व्यवस्था की गई।



