दुबई–कुवैत में रह रहे युवाओं का किया गया एसआईआर, माँ नूरजहाँ द्वारा फर्जी प्रपत्र जमा कराने का मामला उजागर

मंडल प्रभारी अवनीत कुमार शर्मा
रामपुर। एसआईआर के तहत जमा किए जा रहे निर्वाचन प्रपत्रों की जांच में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। कुवैत और दुबई में वर्षों से रह रहे दो युवकों के नाम से उनकी माँ नूरजहाँ द्वारा गलत तरीके से प्रपत्र जमा कराए गए। जांच में मामला संदिग्ध पाए जाने पर नूरजहाँ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी संदीप कुमार वर्मा के निर्देश पर एसआईआर टीम ने मामले की जांच की। जांच में पता चला कि भाग संख्या 645 में आमिर (वर्तमान में दुबई में निवासरत) और भाग संख्या 648 में दानिश (वर्तमान में कुवैत में निवासरत) के नाम से उनकी माँ नूरजहाँ ने गणना प्रपत्र भर दिए, जबकि दोनों युवक विदेश में रह रहे हैं।
उच्चाधिकारियों को दी गई सूचना के बाद विस्तृत जांच में फर्जीवाड़ा प्रमाणित हो गया। निर्वाचन नियमों के अनुसार किसी अन्य व्यक्ति की ओर से गलत जानकारी देकर प्रपत्र भरना, तथ्य छिपाना या दोहरी प्रविष्टि बनवाना गंभीर और दण्डनीय अपराध है।
सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा पूरा मामला संबंधित थाने को भेजा गया है। थाने को निर्देश दिया गया है कि गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर नूरजहाँ के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं करेंगे।



