ऊँचाहार में सपा के साथ मजबूती से खड़ा है पासी समाज : राजेंद्र पासी

ऊँचाहार, रायबरेली। समाजवादी पार्टी के पक्ष में पासी समाज की बढ़ती भागीदारी को लेकर वरिष्ठ सपा नेता राजेंद्र पासी ने कहा कि ऊँचाहार विधानसभा में पासी समाज पूरी मजबूती के साथ समाजवादी पार्टी के साथ खड़ा है। पीडीए की विचारधारा और सपा की नीतियों के प्रति समाज का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है।
मूलरूप से ऊँचाहार विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भवानीगढ़ मजरे सराय हरदो निवासी राजेंद्र पासी ने कहा कि इस बार पासी समाज समाजवादी पार्टी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रहा है। समाज के लोग अब अपने सम्मान, अधिकार, विकास और रोजगार को लेकर जागरूक हो चुके हैं। उन्हें समझ में आ गया है कि सामाजिक सम्मान और समान अवसर की लड़ाई को मजबूती से उठाने वाली पार्टी समाजवादी पार्टी ही है।
उन्होंने कहा कि ऊँचाहार विधानसभा में चुनाव के समय तमाम नेता समाज के बीच पहुंचकर वोट मांगते हैं और बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव के बाद समाज के वास्तविक मुद्दों और जरूरतों से किनारा कर लेते हैं। राजनीतिक स्वार्थ के चलते कुछ लोग अपने समाज के विकास और मजबूती तक ही सीमित रह जाते हैं, जबकि पासी समाज आज भी विकास, रोजगार और राजनीतिक भागीदारी के मामले में अपेक्षित स्थान हासिल नहीं कर पाया है।
राजेंद्र पासी ने कहा कि अब पासी समाज केवल चुनावी वादों पर भरोसा करने वाला नहीं है, बल्कि अपने सम्मान और हक की बात करने वालों के साथ खड़ा होने का निर्णय ले रहा है। समाजवादी पार्टी की पीडीए की सोच सामाजिक न्याय, समानता और सभी वर्गों की भागीदारी को आगे बढ़ाने का काम करती है।
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में ऊँचाहार विधानसभा में पीडीए की ताकत और मजबूत होगी तथा पासी समाज की सक्रिय भागीदारी से समाजवादी पार्टी को नई मजबूती मिलेगी।



