राज्य महिला आयोग उपाध्यक्ष ने महिला एवं किशोरियों से किया संवाद, महिला सशक्तिकरण सम्मेलन में किया प्रतिभाग
महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल — राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती चारु चौधरी का जनपद में हुए कार्यक्रम

मऊ । उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष एवं उपराज्यमंत्री स्तर की पदाधिकारी चारु चौधरी जी ने आज ग्रामीण विकास संस्थान, हाथिनी (मऊ) के प्रांगण में एक विशेष महिला एवं किशोरी सशक्तिकरण सम्मेलन में भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान चौधरी जी ने महिलाओं एवं किशोरियों को शिक्षित, आत्मनिर्भर और सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि “महिलाएं जब आत्मनिर्भर होंगी, तभी समाज और राष्ट्र सशक्त बन पाएगा।”
उन्होंने राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं — जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, महिला सशक्तिकरण मिशन, स्वयं सहायता समूह योजना आदि की जानकारी दी तथा उपस्थित महिलाओं को इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
इसके पश्चात उन्होंने इटौरा ग्राम पंचायत में ग्रामीण महिलाओं और किशोरियों से संवाद किया तथा ग्रामीण विकास संस्थान द्वारा महिला और किशोरी सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
चारु चौधरी जी ने संस्थान परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक शमीम अब्बासी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा संस्थान की गतिविधियों का परिचय दिया। कार्यक्रम संचालक अच्छे लाल कुशवाहा ने संस्थान द्वारा किए जा रहे विभिन्न सामाजिक प्रयासों की जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में संस्थान की ओर से वसीम अब्बासी, अर्शी फ़ातिमा, आमिर सिद्दीकी, मनोज तिवारी, सन्तोष त्रिपाठी, जवाहर लाल, वंदना सिंह, मीरा सिंह, निशा, संजय राय, साजिद, फैज़ान, सुभेदार राम सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



