ऑटो खरीदने निकले युवक की गला घोंटकर हत्या

संवाददाता
लखनऊ. काकोरी थाना क्षेत्र में ऑटो रिक्शा खरीदने निकले युवक की गला घोंटकर हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने लूट के इरादे से वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, काकोरी क्षेत्र के मुसिबत खेड़ा गांव निवासी दिलीप रावत (30) सात जुलाई को अपने परिचित मुजीब उर्फ मुन्ना के साथ ऑटो खरीदने के लिए घर से निकले थे। उनके पास करीब 80 हजार रुपये थे। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और बाद में पुलिस को सूचना दी।
अगले दिन दिलीप का शव आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड पर भलिया अंडरपास के पास मिला। जांच के दौरान पुलिस ने सर्विलांस और अन्य साक्ष्यों के आधार पर नामजद आरोपी मुजीब उर्फ मुन्ना को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि रुपये और मोबाइल फोन लूटने की नीयत से उसने शराब के नशे में दिलीप का गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल फोन, 4,800 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा (UP32TT4614) बरामद कर लिया है।
काकोरी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं एवं एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस खुलासे में थाना काकोरी पुलिस और पश्चिमी जोन की सर्विलांस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



