सिगरेट की दुकान का पता पूछने पर चली गई शख्स की जान, आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली. 29 साल के एक शख्स की कुछ लोगों ने सिर्फ इसलिए चाकू गोदकर हत्या कर दी, क्योंकि उसने आरोपियों से सिगरेट दुकान का रास्ता पूछा था। घटना बाहरी दिल्ली के विजय विहार इलाके की है। इस मामले में पुलिस ने एक नाबालिग समेत चार आरोपियों को हत्या के कुछ घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

बता दें कि रविवार रात डेढ़ बजे मृतक और उसका चचेरा भाई विजय विहार इलाके में थे और उन्होंने आरोपियों से सिगरेट की दुकान का रास्ता पूछा। लेकिन आरोपियों को मृतक के पूछने का अंदाज पसंद नहीं आया। बस फिर क्या था, आरोपियों ने मृतक पर ताबड़तोड़ चाकू से वार कर दिए। जिससे उसकी मौत हो गई। इस हमले में उसका चचेरा भाई भी गंभीर रुप से घायल हो गया है।

दिल्ली पुलिस के डीसीपी रजनीश गुप्ता ने बताया कि, मृतक की पहचान राहुल के रुप में हुई है, जो दक्षिणी दिल्ली के बेर सराय इलाके में रहता था और एक निजी कंपनी में नौकरी करता था।

यह है पूरी घटना
28 साल का मृतक राहुल रविवार रात को बाहरी दिल्ली के विजय विहार इलाके में रहने वाले अपने चचेरे भाई के पास गया था। यहां दोनों ने पार्टी की। रात डेढ़ बजे दोनों घऱ से बाहर सिगरेट खरीदने निकले थे। सिगरेट दुकान ढूंढने के दौरान ये दोनों चार लोगों से टकरा गए, जो सड़क किनारे शराब पी रहे थे।

जब राहुल ने इनसे सिगरेट दुकान का रास्ता पूछा तो शराब पी रहे लोगों को उसके बात करने का अंदाज पसंद नहीं आया। इसके बाद दोनों के बीच बहस हो गई। इसी दौरान एक आरोपी ने चाकू निकालकर राहुल के सीने में वार कर दिया।

आरोपियों ने घोंपा चाकू

जब राहुल का चचेरा भाई नवीन उसे बचाने आगे आया तो उसे भी आरोपियों ने पीठ में चाकू घोंप दिया। इसके बाद सभी आरोपी राहुल और उसके भाई नवीन को छोड़कर मौके से भाग गए। एक घंटे बाद मौके से गुजर रहे एक शख्स ने जब खून से लथपथ दोनों को देखा तो उसने पुलिस को फोन लगाया। इसके बाद दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां राहुल की मौत हो गई।

सभी आरोपी गिरफ्तार

इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ शुरू की और कुछ घंटों के भीतर ही सभी आरोपियों को पकड़ लिया गया। इसमें एक आरोपी नाबालिग है।

दिल्ली पुलिस के डीसीपी की मानें तो, दोनों भाई जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में नौकरी करते थे। मृतक राहुल जहां जेएनयू के मलेरिया विभाग में काम करता था। वहीं उसका चचेरा भाई नवीन यूनिवर्सिटी में लैब असिस्टेंट है।

फोटो- प्रतीकात्मक।।

Related Articles

Back to top button