यूपी विधानसभा चुनाव मे पिछड़ी जातियों का रोल अहम, जानिए राजनीतिक दलों का इसे लेकर क्या है नजरिया

स्टार एक्सप्रेस डिजिटल 

डेस्क  – पिछड़ी जातियों के बीच अगणी के रूप में पहचानी जाने वाली कुर्मी जाति की प्रदेश की राजनीति में शुरू से ही मजबूत पकड़ रही है। राजनीति के साथ ही हर क्षेत्र में इस जाति की पैठ देखी जा सकती है। वर्ष 2022 के चुनाव में इस बिरादरी को साधने के पीछे जुटे सभी दलों को इनकी ताकत और एकजुटता का अहसास है। इनकी ताकत को समझने के लिए महज इतना ही काफी है कि आज राज्य से आठ निर्वाचित सांसद और 34 विधायक कुर्मी बिरादरी से हैं। निगमों, आयोगों, बोर्डों में भी इस बिरादरी के नेताओं की अच्छी तादाद है।अलग-अलग उपनामों से यह बिरादरी प्रदेश के सभी हिस्से में जानी जाती है। पूर्वांचल के वाराणसी, मिर्जापुर, प्रयागराज मंडल के साथ ही समूचे बुंदेलखंड, रूहेलखंड, अयोध्या, लखनऊ मंडल में इस बिरादरी की राजनीतिक ताकत से सभी दल वाकिफ हैं। इस बिरादरी के नेताओं की मानें तो यह राज्य के करीब 150 विधानसभा सीटों पर सीधे असर डालते हैं। आबादी करीब 12 फीसदी बताते हैं, लेकिन इनकी आबादी को लेकर अलग-अलग बातें सामने आती हैं। राजनीतिक हल्के में इनकी आबादी करीब पांच फीसदी मानी जाती है।

आजादी के बाद यह बिरादरी लंबे समय तक कांग्रेस के साथ रही थी। बाद के दिनों में यह सपा से जुड़ी। मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व में जब भी सपा की सरकार बनी कुर्मी बिरादरी के दिग्गज नेता बेनी प्रसाद वर्मा का बड़ा कद रहा। लंबे समय तक वह कुर्मी बिरादरी के दिग्गज नेता के रूप में प्रदेश में जाने जाते रहे। कल्याण सिंह के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के दौर में ओम प्रकाश सिंह इस बिरादरी के बड़े नेता थे। ओम प्रकाश सिंह लंबे अरसे तक भाजपा में इस बिरादरी के इकलौते बड़े नेता रहे।

आज राजनीतिक मंचों से भाजपा के बड़े नेता ओम प्रकाश सिंह का नाम बड़े सम्मान के साथ ले रहे हैं। इस बिरादरी की राजनीतिक एकजुटता का ही नतीजा है कि इस बिरादरी की राजनीति करने के लिए स्व. सोनेलाल के कुनबे से उनकी पत्नी और बेटी दोनों दो दल चला रही हैं। बेटी अनुप्रिया पटेल की पार्टी से नौ विधायक, एक एमएलसी और दो सांसदों की ताकत है। इतना ही नहीं भाजपा ने इसी बिरादरी से स्वतंत्र देव सिंह को अपना प्रदेश अध्यक्ष बना रखा है। पार्टी ने यूपी चुनाव के लिए धर्मेंद्र प्रधान को प्रभारी बनाया है वह भी इसी समाज से हैं। सपा ने भी इसी बिरादरी के नरेश उत्तम पटेल को अपना प्रदेश अध्यक्ष बना रखा है।

Related Articles

Back to top button