लुधपुरा में युवक ने फांसी लगाकर दी जान
छत पर बने कमरे में फंदे पर लटका मिला युवक

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर कोतवाली नगर के मोहल्ला लुधपुरा में रविवार शाम करीब आठ बजे 26 वर्षीय युवक ने घर की छत पर बने कमरे में रस्सी के फंदे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक युवक के नीचे नहीं आने पर परिजनों ने छत पर जाकर देखा तो वह फंदे पर लटका मिला। यह देखकर परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों ने आनन-फानन में युवक को फंदे से नीचे उतारा और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अभिषेक पुत्र सुमित कुमार जैन के रूप में हुई।
परिजनों के मुताबिक अभिषेक के पिता सुमित कुमार परचूनी की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। अभिषेक भी पिता के साथ दुकान पर बैठता था।
अस्पताल से सूचना मिलने पर कस्बा इंचार्ज हेमंत कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं
युवक ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के कारणों का पता चल सकेगा।



