सर्विस सेंटर में खड़ी बोलेरो पर पथराव: शीशे तोड़े

सड़क हादसे में समझौते के बाद वारदात को दिया अंजाम, घटना सीसीटीवी कैमरे में हुई कैद

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत सड़क हादसे के बाद आपसी समझौता होने के बावजूद सर्विस सेंटर पर खड़ी बोलेरो पर पथराव करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाइक सवार तीन युवक सर्विस सेंटर पहुंचे, जिनमें से दो ने ईंट-पत्थर बरसाकर बोलेरो के सभी शीशे तोड़ दिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित ने भरथना थाने में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।

औरैया के कुदरकोट थाना क्षेत्र के अनुद्धापुरा निवासी अमन कुमार ने बताया कि उनकी बोलेरो कैंपर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर साईं दातार कंपनी में लगी है। 13 अगस्त की शाम करीब साढ़े छह बजे वह बोलेरो लेकर इटावा से भरथना आ रहे थे। चितभवन रेलवे ओवरब्रिज के पास आगे चल रही कार के अचानक ब्रेक लगाने से बोलेरो उससे टकरा गई।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों और संभ्रांत व्यक्तियों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई और आपसी सहमति से मामला सुलझ गया। इसके बाद बोलेरो को मरम्मत के लिए भरथना-ऊसराहार मार्ग स्थित भोली चौराहे के पास एक सर्विस सेंटर पर खड़ा कर दिया गया।

आरोप है कि 15 अगस्त की सुबह करीब साढ़े 11 बजे बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक पर तीन नामजद युवक सर्विस सेंटर पहुंचे। इनमें से दो युवकों ने बोलेरो पर ईंट-पत्थर बरसाना शुरू कर दिया। पथराव से वाहन के सभी शीशे टूट गए। मौके पर मौजूद लोगों ने विरोध किया तो आरोपी वहां से फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार घटना सर्विस सेंटर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल बताया जा रहा है। पुलिस ने प्रार्थना पत्र के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button