एआई चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान योगदान पर कुलपति सम्मानित
कुलपति प्रो.डॉ.अजय सिंह को ‘पीकॉक मेडिकल एजुकेशन एक्सीलेंस अवॉर्ड’ से किया सम्मानित

सेंफई,इटावा। नई दिल्ली में उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई के कुलपति प्रो.डॉ.अजय सिंह को चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की तैयारी एवं उपयोगिता को बढ़ावा देने में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए मीडिया डायलॉग, नई दिल्ली द्वारा प्रतिष्ठित ‘पीकॉक मेडिकल एजुकेशन एक्सीलेंस अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान देशभर से प्राप्त नामांकनों में से प्रख्यात राष्ट्रीय जूरी द्वारा किए गए गहन एवं निष्पक्ष चयन के उपरांत प्रदान किया गया। यह सम्मान चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में तकनीकी नवाचार, डिजिटल परिवर्तन तथा भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षा व्यवस्था को विकसित करने की दिशा में प्रो.डॉ. अजय सिंह के नेतृत्व एवं योगदान को रेखांकित करता है।
इसी अवसर पर माननीय कुलपति प्रो.डॉ. अजय सिंह ने नई दिल्ली में आयोजित ‘नेशनल कंसल्टेशन ऑन एआई रेडीनेस इन हेल्थकेयर, एजुकेशन एंड रिसर्च’ के अंतर्गत “फैकल्टी डिजिटल कॉम्पिटेंसी एवं एआई एडॉप्शन फॉर मेडिकल टीचिंग” विषयक सत्र में पैनल चर्चा की अध्यक्षता भी की।
पैनल चर्चा में चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र के विशेषज्ञों ने सहभागिता करते हुए चिकित्सा शिक्षकों की डिजिटल दक्षताओं को सुदृढ़ करने, चिकित्सा शिक्षण में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जिम्मेदार एवं प्रभावी उपयोग तथा तकनीक आधारित शिक्षण पद्धतियों को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया।
इस राष्ट्रीय परामर्श कार्यक्रम ने चिकित्सा शिक्षा,स्वास्थ्य सेवाओं एवं अनुसंधान के क्षेत्र में एआई के बढ़ते प्रभाव, संभावनाओं और चुनौतियों पर विशेषज्ञों के बीच सार्थक संवाद के लिए महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया। चर्चा में एआई के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए क्षमता निर्माण, डिजिटल साक्षरता तथा उत्तरदायी तकनीकी उपयोग की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।
प्रो.डॉ. अजय सिंह को प्राप्त यह राष्ट्रीय सम्मान तथा महत्वपूर्ण पैनल सत्र की अध्यक्षता यूपीयूएमएस सैफई के लिए गौरव का विषय है। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय की चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान एवं स्वास्थ्य सेवाओं में नवाचार, तकनीकी उत्कृष्टता और भविष्य उन्मुख दृष्टिकोण के प्रति प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करती है।



