शादी का झांसा देकर युवक करता रहा शारीरिक शोषण

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर क्षेत्र की एक 28 वर्षीय युवती ने जैन मोहल्ला निवासी युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने,गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पीड़िता ने बताया कि हमारे पड़ोस में ही रहने वाले असलम पुत्र अलीम खान से काफी समय से जान पहचान थी। आरोपी ने उस पर शादी का भरोसा जताकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए।युवक उसे लगातार विवाह का झांसा देता रहा,लेकिन जब उसने शादी पर जोर दिया तो युवक ने मारपीट व गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए उसके प्रस्ताव को ठुकरा दिया।
आगे पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी की इस हरकत से उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची जिसके बाद उसने पुलिस से न्याय की मांग की।थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपी असलम के खिलाफ दुष्कर्म करने व धमकी देने और अपमानित करने से संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। सिटी इंचार्ज मनीष कुमार ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को लोहा मंडी क्षेत्र से सुबह नौ बजे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।



