होली विवाद: 6 महिलाओं समेत 11 पर हुई कार्रवाई

जसवंतनगर,इटावा। होली के त्योहार के बाद हुए आपसी विवाद और मारपीट के मामलों में थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह महिलाओं सहित 11 लोगों को गिरफ्तार कर शांति भंग में चालान किया है। सभी आरोपियों को एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया।

थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि विभिन्न शिकायतों के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा के तहत शांति भंग कार्रवाई की। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में सुमित (18) पुत्र उदयभान सिंह, सोनू उर्फ सोमेश (24) पुत्र प्रवीन कुमार, मधुर (24) पुत्र प्रदीप कुमार निवासी भीखनपुर, शिवम (21) पुत्र योगेंद्र निवासी नगला भगत तथा अंकुश (19) पुत्र नरेंद्र निवासी नगला महासुख शामिल हैं।इसके अलावा रानी (35) पत्नी नरेंद्र, कुशुमा (27) पत्नी सौरभ, दीप रानी (26) पत्नी शिवकुमार, सोनी (30) पत्नी दीपक, मोहिनी (26) पत्नी दीपू यादव और अनीता (22) पत्नी अवधेश निवासी नगला महासुख को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया।

पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उपजिलाधिकारी न्यायालय में पेश किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।


कार से स्टंट:तीन युवक गिरफ्तार,12 हजार जुर्माना

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर थाना पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बस स्टैंड के समीप स्थित पिंक बूथ चौराहे के पास ओवरब्रिज के नीचे कार से स्टंट कर रहे तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने युवकों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई करते हुए कार का 12 हजार रुपये का चालान भी काटा और वाहन को सीज कर दिया।

कार से स्टंट

थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि बीती रात करीब 12बजे वह पुलिस बल के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान ओवरब्रिज के नीचे पिंक बूथ के पास एक कार में सवार तीन युवक बार-बार कार को घुमाकर स्टंट कर रहे थे। युवकों की इस हरकत से वहां लोगों की भीड़ लग गई और किसी बड़े हादसे की आशंका पैदा हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को पकड़कर वाहन सहित थाने ले आई। पूछताछ में युवकों ने अपने नाम आयुष (19) पुत्र मनोज कुमार, सुमित (22) पुत्र मनोज कुमार निवासी शांति कॉलोनी इटावा तथा प्रियांशु कुमार (23) पुत्र विवेक कुमार निवासी डाक बंगला, थाना अलीगंज जिला एटा बताए।

थानाध्यक्ष के अनुसार जब युवकों से वाहन के कागजात मांगे गए तो वे कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके। इस पर उपनिरीक्षक शुभम वर्मा ने कार का 12 हजार रुपये का चालान कर वाहन को सीज कर दिया, जबकि उपनिरीक्षक ललित चतुर्वेदी ने तीनों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की।थानाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि सार्वजनिक स्थानों पर स्टंट या इस तरह की खतरनाक गतिविधियां करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button