ऊँचाहार में मुम्बई से लौटा, 24 घंटे में ही घर में लगा ली फांसी

ऊँचाहार, रायबरेली। अज्ञात कारणों के चलते युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है, घटना की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया।
सोमवार को कस्बे के अलीगंज मोहल्ला निवासी रामबहादुर के बेटे अरुण 23 वर्ष ने घर के भीतर कमरे में पंखे की हुक से दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली, उस वक्त घर पर कोई मौजूद नहीं था, कोचिंग से बहन आशमा घर पहुंची तो भाई को फंदे से लटकता देख अवाक रह गई, चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग व परिजनों ने उसे नीचे उतारकर सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पिता रामबहादुर ने बताया कि अरुण तीन भाई बहनों में मंझला था और मुंबई में रहकर किसी कम्पनी में मजदूरी का काम करता था।बताते है कि तीन दिन पूर्व वो मुम्बई जाने के लिए घर से निकला था और रविवार की शाम वापस घर लौटकर आ गया।इस घटना से मां आरती, बहन आशमा व भाई करन का रोरोकर बुरा हाल है।
घटना में सीएचसी अधीक्षक डॉ मनोज शुक्ल ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही युवक की मौत हो चुकी थी।
इस बाबत कोतवाल अजय कुमार राय का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है,शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है,अग्रिम विधिक कार्यवाई की जा रही है।



