एनटीपीसी में हुआ श्रमिकों का सम्मान

ऊँचाहार, रायबरेली। एनटीपीसी ऊँचाहार में इंटक यूनियन ने श्रमिक दिवस पर भव्य समारोह का आयोजन किया जिसमें परियोजना में कार्यरत श्रमिकों को दैनिक जरूरत का सामान देकर उनके योगदान की कृतज्ञ सराहना की गई। परियोजना प्रमुख तथा समारोह के मुख्य अतिथि बिस्व मोहन सिंह ने श्रमिकों को पुरस्कृत करते हुए कहा कि एनटीपीसी को इतनी ऊंचाई तक ले जाने में यहां काम करने वाले श्रमिकों की सबसे बड़ी भूमिका है।

सिंह ने आश्वस्त किया कि एनटीपीसी प्रबंधन प्रत्येक श्रमिक के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है और देता रहेगा।विद्युत गृह में काम करते समय सभी लोग सुरक्षा संबंधी नियमों का अवश्य ध्यान रखें। इंटक यूनियन द्वारा आयोजित इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए मानव संसाधन प्रमुख पंकज कुमार ने कहा कि कामगारों की समस्याओं के निराकरण के लिए एनटीपीसी ने एक हेल्प डेस्क विकसित किया है, आवश्यक होने पर उसका सभी श्रमिक लाभ उठाएं। समारोह में सभी का स्वागत इंटक महासचिव राहुल कनौजिया ने किया तथा कार्यकारी अध्यक्ष शिवराम ओझा एवं नेफ़ी के पूर्व अध्यक्ष शशिकांत राय ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डाला एवं इंटक के इतिहास की चर्चा की।

इस अवसर पर परियोजना प्रमुख तथा सभी विभाग प्रमुखों ने श्रमिकों के साथ मिलकर केक काटा। परियोजना प्रमुख सिंह ने अपने हाथ से श्रमिकों का मुंह मीठा किया और उपहार देकर उन्हें शुभ कामनाएं दीं। सम्पूर्ण कार्यक्रम का संयोजन व संचालन इंटक अध्यक्ष आज्ञा शरण सिंह ने किया। कार्यक्रम में महाप्रबंधक आशुतोष बिस्वास, एस यू हरिदास सहित बड़ी संख्या में विभागाध्यक्षों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। इंटक यूनियन के पदाधिकारी नागेन्द्र प्रताप सिंह, सुरेंद्र बिंद, लघु शंकर यादव, राम सहाय, गौतम निषाद, राम लाल, रचना पाल, शिवम सिंह, घन श्याम मिश्रा, मत्सेंद्र दुबे, रोहित आर्या ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सराहनीय भूमिका निभाई।

Related Articles

Back to top button